शहडोल : मां ने तीन बेटियों संग खाया जहर, कुएं में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत

शहडोल। जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में चार मासूमों समेत छह लोगों की अकाल मौत हो गई। इन दिल दहला देने वाले हादसों से ग्राम हिरवार और बरा बघेलहा में मातम पसरा हुआ है।
बेटियों को कीटनाशक पिलाकर खुद भी पीया
पहली हृदयविदारक घटना हिरवार गांव की है, जहां अनीता सिंह (32) ने अज्ञात कारणों के चलते अपनी तीन मासूम बेटियों रितिका (7), कृष्णकुमारी (4) और अर्पिता (2) को कृषि कार्य में उपयोग होने वाला कीटनाशक पिलाकर स्वयं भी पी लिया। एक बच्ची की सूचना पर जब तक ग्रामीण और पुलिस उन्हें अस्पताल ले जाते, चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।
ये भी पढ़ें: Sayoni Chakraborty : 23 वर्ष की कंटेंट क्रिएटर सयोनी चक्रवर्ती का फंदे से लटका मिला शव
घर के पास खेल बच्चे कुएं में गिरे
अभी पुलिस इस सदमे से उबर भी नहीं पाई थी कि पपौंध थाना क्षेत्र के ही बरा बघेलहा गांव से दूसरा हादसा सामने आ गया। यहां घर के पास खेल रहे चार वर्षीय चाचा-भतीजा (किशन कोल और सत्यम कोल) अचानक कुआं में गिर गए। जब तक परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला, दोनों की सांसें थम चुकी थीं। पपौंध थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
मर्ग कायम कर जांच कर रहे हैं
दोनों मामलों में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
विजेंद्र मिश्रा, एसआई, पपौंध
ये भी पढ़ें: Bank Holidays: जून 2026 में 11 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानिए किस दिन और कहां रहेगी छुट्टी




















