जबलपुरमध्य प्रदेश

खेल के मैदान को राजनीति से दूर रखें : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया

जबलपुर केंद्रीय नागरिक उड्यन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस खेल महोत्सव से कई ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे जो बहुत ऊंचाई तक पहुंचेंगे। इसी दौरान एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि ये खेल का मैदान है इसे राजनीति से दूरे रखें। अभी केवल खेल की ही बातें होंगी।

सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे सिंधिया

रानीताल स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सांसद खेल महोत्सव में पहुंचे। कार्यक्रम में सबसे पहले सिंधिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर पराम्परागत खेलों का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद राकेश सिंह, विधायक इंदू तिवारी, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, पूर्व विधायक हरजीत सिंह बब्बू, पूर्व विधायक शरद जैन, पूर्व महापौर स्वाति सदानंद गोडबोले सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

सांसद खेल महोत्सव में आज से पराम्पराग खेलों का शुभारंभ हो गया है। जिसमें भौरा, गिल्ली डंडा, कंचा, लाठीबाजी आदि ऐसे खेल हैं। जिन्हें देखकर सिंधिया बहुत उत्साहित हुए। उन्होंने कुछ खेल तो खुद भी खेलकर देखे।

युवाओं के बिना देश में कुछ भी नहीं : सिंधिया

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश आज अगर विश्व में अपना नाम कर रहा है तो उसकी वजह युवा शक्ति है, यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था। युवाओं के बिना देश में कुछ भी नहीं है। आज हमारे देश में युवाओं की अच्छी खासी संख्या है। सिंधिया ने कहा कि आज देश में खेल का माहौल बन गया है।

एनसीसी कैडेट से व्यक्तिगत रूप से मिले

कार्यक्रम के शुरूआत में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आम नागरिकों से मुलाकात की। वहीं, एनसीसी कैडेट से मिलकर उनसे चर्चा कि। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं भी एनसीसी का कैडेट रहा। मुझे आप लोगों को देखकर बहुत खुशी हो रही है। एनसीसी कैडेट से सिंधिया ने हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया।

काफी देर तक तीरंदाजी की

रानीताल स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स से ही सटी तीरंदाजी एकेडमी है। जहां पर खिलाड़ी अपनी प्रेक्टिस कर रहे थे। जिसे देखकर सिंधिया मैदान से दौड़कर सीधे तीरंदाजी एकेडमी पहुंच गए। जहां पर खिलाड़ियों के साथ उन्होंने फोटो खिचवाई। वहीं, काफी देर तक सिंधिया ने तीरंदाजी भी की। ये देखकर वहां मौजूद सभी लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया।

जबलपुर की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button