
भोपाल। पिछले करीब 4 दिनों से चढ़ा पारा वसंत पंचमी से एक दिन पहले अचानक नीचे आ गया। मंगलवार-बुधवार की रात ग्वालियर के भितरवार ग्रामीण इलाके में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे हवाओं में ठंडक घुल गई। इधर, राजधानी भोपाल में सुबह से ही बादल छाए थे। शाम होते-होते कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और बारिश हुई। रात करीब 7:45 बजे भोपाल में करीब 10 मिनट तेज बारिश हुई। इससे पहले भिंड की गोहद तहसील में बुधवार तड़के बारिश के साथ ओले गिरे। टीकमगढ़ में देर रात तेज बारिश हुई। देवास, गुना, मुरैना में भी बारिश हुई। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में गुना, सागर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
जबलपुर में बारिश से प्रभावित हुए कार्यक्रम
उधर, जबलपुर में भी शाम करीब 5:30 बजे तेज बारिश हुई। इसकी वजह से वहां मुख्यमंत्री का लाड़ली लक्ष्मी संवाद कार्यक्रम प्रभावित हुआ। हालांकि, डोम होने की वजह से यहां कार्यक्रम में ज्यादा व्यवधान नहीं हुआ। लेकिन मुख्यमंत्री यहां कम देर रुके। उन्हें नर्मदा आरती में जाना था। इस वजह नर्मदा आरती का कार्यक्रम भी सीमित हुआ। यहां बादल होने के चलते सिंगर शान का कार्यक्रम भी संकट में दिखा। हालांकि कुछ देर में बारिश रुक गई। शहर के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए हैं।
दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में बादल-बारिश
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक, 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, यहां भी बादल छाए रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि यहां अधिकतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर भी बादए छाए रहने के आसार हैं। दिल्ली में आने वाले चार-पांच दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है।
श्रीनगर में बर्फबारी से उड़ानें प्रभावित
जम्मू कश्मीर में भी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ। कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर ताजा बर्फबारी से विजिबिलिटी घटकर 500 मीटर रह गई। इससे घाटी में विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। कश्मीर के ऊंचे इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें लेट हुईं। हालांकि, एयरपोर्ट पर अधिक बर्फ एकत्रित नहीं हुई। यहां विजिबिलिटी 500 मीटर पर पहुंचने से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ।