
राजस्थान के जोधपुर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां माता का थान क्षेत्र के मंगरा पूंजला इलाके की एक रिहायशी कॉलोनी के एक घर में अचानक चार सिलेंडर फट गए। इस हादसे में चार लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। चारों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि, 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के मुताबिक, मगरा पूंजला इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग का काम करने वाले एक शख्स के मकान में एक गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई थी। जिसके बाद गैस सिलेंडर अचानक से फट गया। इस हादसे के दौरान घर में एक ही परिवार के 20 लोग मौजूद थे।

मृतकों में बच्चे शामिल
इस घटना में मरने वालों में एक युवक और तीन बच्चे शामिल हैं। नीकू (12 वर्षीय), विक्की (15 वर्षीय), सुरेश (45 वर्षीय) और कोमल (13 वर्षीय) की मौत हो गई।
16 में से 8 लोग 80 फीसदी तक झुलसे
अस्पताल में भर्ती 16 में से करीब 8 लोग 80 फीसदी तक झुलस गए हैं। नक्ष (11 वर्षीय), निरमा (37 वर्षीय), शोभा (50 वर्षीय), सरोज (30 वर्षीय), हरिराम (42 वर्षीय), नितेश (14 वर्षीय), कंचन (30 वर्षीय), राजवीर (5 वर्षीय), खुशी (2 वर्षीय), पारसराम (25 वर्षीय), दिव्यांशु (16 वर्षीय), अशोक (33 वर्षीय), अनराज (42 वर्षीय), सूरज (24 वर्षीय) और भोमाराम (60 वर्षीय) झुलस गए हैं। जबकि, एक घायल के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई है।
ये भी पढ़ें- VIDEO : महाराष्ट्र के नासिक में दर्दनाक हादसा, बस में लगी भीषण आग; 11 लोग जिंदा जले, PM-CM ने जताया दुख
घर से निकले घरेलू और कॉमर्शियल सिलेंडर
इस मकान से करीब चार दर्जन घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडर बाहर निकाले गए। बता दें कि यह मकान लोगों के घर सिलेंडर पहुंचाने वाले किसी हॉकर का है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे में मकान का एक हिस्सा भी ढह गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे।

सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि जोधपुर में मगरा पूंजला एरिया के कीर्ति नगर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने की जानकारी बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की जानकारी ली है एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
अवैध रूप से चल रहा था गैस रिफिलिंग का काम
इस मामले में सामने आया कि जिस घर में यह हादसा हुआ वहां अवैध रिफिलिंग का काम चल रहा था। घटना के बाद शहर विधायक मनीषा पंवार महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर सीएमओ ऑफिस से मॉनिटरिंग की जा रही है। शहर में कई लोग अवैध गैस रिफिलिंग का काम कर रहे हैं, इसकी जांच करवाई जाएगी।