सेमरीहरचंद के पास बोलेरो और बाइक की जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौत; चालक के खिलाफ केस दर्ज

सोहागपुर। सेमरीहरचंद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दयालु रेस्टोरेंट के आगे बोलेरो जीप और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। मृतकों की पहचान प्रमोद पिता शोभाराम कुशवाहा (28) निवासी पथरकुई, थाना बनखेड़ी और चंद्रमोहन पिता मोतीलाल कुशवाहा (27) निवासी ढुरसुरू, तहसील गाडरवारा, थाना चीचली, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है।
जीजा के साथ होशंगाबाद जा रहे थे प्रमोद
पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार प्रमोद कुशवाहा घर की मोटरसाइकिल क्रमांक MP 05 MU 0281 से अपने जीजा चंद्रमोहन कुशवाहा के साथ होशंगाबाद में मेहमानी के लिए निकले थे। दोनों सेमरीहरचंद निवासी प्रेमनारायण के यहां पहुंचे। यहां दोनों ने चाय पी और इसके बाद होशंगाबाद के लिए रवाना हो गए। इसके कुछ ही देर बाद मोहल्ले में बोलेरो और मोटरसाइकिल के दुर्घटनाग्रस्त होने की चर्चा होने लगी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित मौके पर पहुंचे। वहां प्रमोद और चंद्रमोहन सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले।
तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर
सूचना में आरोप लगाया गया है कि सफेद रंग की बोलेरो जीप क्रमांक MP 28 ZN 7023 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
बोलेरो चालक भी घायल
हादसे के दौरान बोलेरो चालक भी वाहन में फंस गया था। उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सोहागपुर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिक चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
बुधवार को शासकीय अस्पताल सोहागपुर में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बोलेरो जीप क्रमांक MP 28 ZN 7023 के चालक के विरुद्ध तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारने से मृत्यु होने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।




















