गुजरात के पंचमहल जिले में गुरुवार सुबह बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है। केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट होने के बाद आग लग गई। बता दें कि इस घटना में 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं 15 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
#WATCH गुजरात: पंचमहल के रंजीतनगर स्थित गुजरात फ्लोरो केमिकल्स लिमिटेड में विस्फोट के बाद आग लग गई। इस घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। pic.twitter.com/gzmBQS9noM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 16, 2021
हादसे के कारणों का खुलासा नहीं
पंचमहल पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जानकारी मिलते ही राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि वे कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फिलहाल, हादसे की वजह सामने नहीं आई है।
घटनास्थल पर फंसे लोगों की तलाश जारी
पंचमहल की पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने बताया कि यह हादसा सुबह 10 बजे हुआ। उस दौरान प्लांट में आग लग गई, जिससे 15 कारीगर झुलस गए हैं। उन्हें अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।