जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

Katni news : BJP विधायक संजय पाठक के बेटे ने तलवार से काटा जन्मदिन का केक, विधायक बोले – फाइबर की थी

जबलपुर। कटनी के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री संजय पाठक के बेटे के जन्मदिन का एक वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो में विधायक का बेटा यश हाईवे पर दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा है। वह दोस्तों के साथ तलवार से केक काट रहा है। उसके साथ उसके दोस्त और समर्थक हैं, जो ढोल पर डांस कर रहे हैं।

फेसबुक पर लाइव किया वीडियो

यश के दोस्तों ने ही फेसबुक पर लाइव कर उसके जन्मदिन का वीडियो शेयर किया। वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठे तो विधायक सामने आए। उन्होंने कहा- यश ने असली नहीं, फाइबर की तलवार से केक काटा है। तलवार से केक काटने की बात सही नहीं है। बताया जा रहा है कि संजय पाठक का बेटा यश शुक्रवार शाम कार से नागपुर जा रहा था। इसी दौरान उसके 25 से अधिक समर्थक जबलपुर-नागपुर हाईवे में तिलवारा के पास इकट्ठे हो गए। यश के दोस्तों ने कार के बोनट पर केक रखा और यश का जन्मदिन मनाने लगे। दोस्तों ने यश को तलवार दी और उसी से केक कटवाया। तकरीबन आधे घंटे तक यश के दोस्त हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेट करते रहे।

पाठक बोले- शिरडी जा रहा था बेटा

उधर, वीडियो सामने आने के बाद विधायक संजय पाठक ने कहा कि यश का जन्मदिन 5 मार्च को होता है। लेकिन, इस साल वह जन्मदिन मनाने के बजाय 3 मार्च को शिरडी गया है। रास्ते में उसके दोस्तों ने उसे रोक लिया और केक काटने को कहा। उन्होंने कहा- जिसे तलवार कहा जा रहा है, असल में वह फाइबर का है।

हथियारों के प्रदर्शन पर विधायक समेत कई पर हुईं FIR

बताते चलें कि तलवार या किसी भी तरह के हथियारों का प्रदर्शन अपराध है और इसके तहत आरोपी पर FIR दर्ज की जाती है। ऐसे मामलों में कई बार कार्रवाई भी हुई हैं।

उत्तर प्रदेश : 10 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक युवक ने इसी तरह तलवार से केक काटकर सोशल मीडिया में फोटो डाला था। रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र की इस घटना में आरोपी शादाब खान को जेल भेजा गया था।

छत्तीसगढ़ :  3 जनवरी 2023 को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई एक घटना में बिलासपुर में बीच रास्ते में बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह युवक भी सड़क पर जन्मदिन मनाकर तलवार से केक काट रहे थे।

मध्यप्रदेश : 1 जनवरी 2023 को मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे अपने जन्मदिन पर पिस्टल लेकर डांस करते नजर आ रहे थे। लाइसेंसी पिस्टल से सुनील सराफ ने कई फायर भी किए थे। यह वीडियो वायरल हुआ तो मामला राजनीतिक गलियारों में तूल पकड़ गया। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सुनील सराफ पर एफआईआर हुई थी।

मुख्यमंत्री शिवराज का जन्मदिन आज, लाड़ली बहना योजना की होगी लॉन्चिंग, 413 निकायों में रोपे जाएंगे 23,360 पौधे

संबंधित खबरें...

Back to top button