भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार:राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताकर ठगे थे पैसे

रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए बताकर विधायक से पैसों की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी को ओडिशा के पुरी जिले से पकड़कर रायपुर लाया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताकर ठगे थे पैसे

रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फोन पर खुद को बड़े नेता का PA बताकर मदद मांगी थी। शुरुआती भरोसे में विधायक की ओर से रकम ट्रांसफर कर दी गई, लेकिन बाद में शक होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। अब पुलिस आरोपी का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है।

फोन कॉल कर ठगे पैसे 

25 मई को विधायक पुरंदर मिश्रा के पास एक फोन कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का निजी सहायक बताया। आरोपी ने कहा कि उनकी गाड़ी संबलपुर के जंगल क्षेत्र में फंस गई है और डीजल खत्म हो गया है। उसने तत्काल आर्थिक मदद की मांग की। बातचीत के दौरान आरोपी ने ऐसी परिस्थिति बताई कि विधायक को उस पर भरोसा हो गया।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case : समर्थ सिंह CBI रिमांड पर, भोपाल में बनेगा कैंप ऑफिस; ‘क्राइम सीन रिक्रिएशन’ की तैयारी

भरोसे में लेकर ट्रांसफर करवाए पैसे

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि कॉल करने वाला उड़िया लहजे में बात कर रहा था और पीछे बच्चों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं। इसी कारण उन्हें लगा कि सामने वाला सच बोल रहा है। उन्होंने अपने को पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। आरोपी ने पहले 4500 रुपये और फिर 5500 रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन में अपने खाते में डलवाए। कुल 10 हजार रुपये भेजे जाने के बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे शक गहरा गया।

ओडिशा से पकड़ाया आरोपी 

मामले की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ओडिशा पहुंची। वहां पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से आरोपी सहदेव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसे रायपुर लेकर पहुंच चुकी है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह की शिकायतें रही हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज: सिद्धारमैया देंगे इस्तीफा ? कांग्रेस नेता के बयान से बढ़ी हलचल

विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल 

हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना भी सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब इस मामले के खुलासे के बाद आगे और भी तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts