राज्यसभा कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी:बीजेपी ने मध्य प्रदेश में तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार

भोपाल। बीजेपी ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। अब तीसरी सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं, जहां कांग्रेस की संभावनाओं पर भी नजर बनी हुई है।
तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को मिला मौका
भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। राज्य में कुल तीन सीटों पर चुनाव होना है। ऐसे में दो नाम घोषित होने के बाद तीसरी सीट को लेकर सियासी समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है।
तीसरी सीट पर कांग्रेस की नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि बीजेपी तीसरी सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं करती है, तो एक सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत की संभावना बन सकती है। हालांकि यदि भारतीय जनता पार्टी तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारती है, तो तीसरी सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा।
कौन है तरुण चुग ?
तरुण चुग मूल रूप से पंजाब के अमृतसर से हैं और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्यरत हैं। वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और चुनावी प्रबंधन में पार्टी की केंद्रीय टीम के प्रमुख सदस्यों में शामिल रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़े तरुण चुग को पार्टी नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है।
ये भी पढ़ें: 'अभी हम जिंदा हैं...' गूगल ने बताया मृत, फिर राजस्थानी सिंगर स्वरूप खान ने खुद बताई सच्चाई
कौन है रजनीश अग्रवाल ?
वहीं रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश सचिव हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी विशेष पहचान है। बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रजनीश अग्रवाल ने प्रदेश स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं और कार्यकर्ता नेटवर्क को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।












