PlayBreaking News

'अभी हम जिंदा हैं...'गूगल ने बताया मृत, फिर राजस्थानी सिंगर स्वरूप खान ने खुद बताई सच्चाई

राजस्थानी लोक गायक स्वरूप खान की मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी, जब गूगल पर उन्हें मृत दिखाया गया। लेकिन सिंगर ने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया कि वह पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं। आखिर कैसे फैली उनकी मौत की अफवाह? जैसलमेर के रिसॉर्ट हादसे से क्या है इसका कनेक्शन? जानिए पूरा मामला और स्वरूप खान की प्रतिक्रिया।
Follow on Google News
गूगल ने बताया मृत, फिर राजस्थानी सिंगर स्वरूप खान ने खुद बताई सच्चाई

राजस्थान के मशहूर लोक गायक स्वरूप खान अचानक चर्चा में आ गए, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं था। सोशल मीडिया पर उनकी मौत की खबर तेजी से फैल गई। हैरानी की बात यह थी कि गूगल के इन्फॉर्मेशन पेज पर भी उन्हें मृत दिखाया जा रहा था। इसके बाद फैंस के बीच चिंता बढ़ गई और लोग उनके बारे में जानकारी जुटाने लगे।

हालांकि, कुछ ही समय बाद खुद स्वरूप खान सामने आए और उन्होंने साफ कर दिया कि वह पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर मौत की अफवाहों पर विराम लगा दिया।

इंस्टाग्राम पर लिखा- 'अभी हम जिंदा हैं'

स्वरूप खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर गूगल की गलत जानकारी का एक स्क्रीनशॉट साझा किया। इस स्क्रीनशॉट में 2 जून 2026 को उनकी मृत्यु की तारीख दिखाई गई थी। पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "अभी हम जिंदा हैं", साथ में हंसने वाली इमोजी भी लगाई। उन्होंने इस पोस्ट में गूगल इंडिया को भी टैग किया।

जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। हजारों फैंस ने राहत की सांस ली और कमेंट कर खुशी जाहिर की कि उनके पसंदीदा गायक सुरक्षित हैं। वहीं कई लोगों ने गूगल की इस बड़ी गलती पर सवाल भी उठाए।

यह भी पढ़ें: क्या रणवीर सिंह बनेंगे ललित मोदी? बायोपिक को लेकर बढ़ा सस्पेंस, स्क्रिप्टिंग स्टेज में पहुंचा प्रोजेक्ट

कैसे फैली स्वरूप खान की मौत की अफवाह?

दरअसल, यह पूरा मामला राजस्थान के जैसलमेर में आए एक भीषण धूल भरे तूफान से जुड़ा हुआ है। 2 जून को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया गया था कि जैसलमेर के सैम इलाके में एक रिसॉर्ट की दीवार गिरने से स्वरूप खान की मौत हो गई है। यही खबर धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी।
बाद में यही गलत जानकारी इंटरनेट और सर्च प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच गई। इसके चलते गूगल के कुछ पेजों पर भी स्वरूप खान को मृत दिखाया जाने लगा।

जैसलमेर में क्या हुआ था?

रिपोर्ट के अनुसार, जैसलमेर जिले के सैम टूरिस्ट क्षेत्र में स्थित एक रिसॉर्ट में तेज आंधी और धूल भरे तूफान के कारण एक बड़ी कंक्रीट की दीवार गिर गई थी। यह हादसा सोमवार देर रात हुआ। दीवार गिरने से कई लोग घायल हो गए थे। घटना के समय वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, स्वरूप खान ने उसी शाम वहां एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी। इसी वजह से कुछ लोगों ने गलतफहमी में यह मान लिया कि हादसे में उनकी भी मौत हो गई है।

रिसॉर्ट मालिक ने क्या बताया?

हेरिटेज जुमा रिसॉर्ट के मालिक बारोच खान ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय करीब 40 मेहमान सांस्कृतिक कार्यक्रम में मौजूद थे। तेज हवा और खराब मौसम के कारण मंच के पीछे बनी कंक्रीट की दीवार अचानक गिर गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। हालांकि, इस घटना में स्वरूप खान सुरक्षित रहे। लेकिन सोशल मीडिया पर फैली अधूरी और गलत जानकारी ने उनकी मौत की अफवाह को जन्म दे दिया।

यह भी पढ़ें: पद्म भूषण डॉ. सुभाष कश्यप का निधन, 97 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

कौन हैं स्वरूप खान?

स्वरूप खान राजस्थान के जैसलमेर जिले के बारिसियाला गांव के रहने वाले हैं। वह देश के सबसे लोकप्रिय लोक गायकों में से एक माने जाते हैं। उनकी आवाज ने सिर्फ राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश में पहचान बनाई है। उन्होंने लोक संगीत को बॉलीवुड तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

स्वरूप खान को सबसे ज्यादा पहचान फिल्म 'पीके' के सुपरहिट गीत 'ठरकी छोकरो' से मिली। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'पद्मावत' के मशहूर गीत 'घूमर' में भी अपनी आवाज दी है।

इंडियन आइडल से बॉलीवुड तक का सफर

बहुत कम लोग जानते हैं कि स्वरूप खान ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो इंडियन आइडल से की थी। इस मंच ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। इसके बाद उनकी प्रतिभा पर मशहूर संगीतकार बप्पी लाहिड़ी की नजर पड़ी। बप्पी दा ने उन्हें फिल्म इमोशनल अत्याचार का टाइटल ट्रैक गाने का मौका दिया। यहीं से उनके बॉलीवुड करियर की शुरुआत हुई और फिर उन्होंने कई यादगार गानों में अपनी आवाज दी।

गलत जानकारी से पैदा हुआ भ्रम

स्वरूप खान की मौत की खबर पूरी तरह गलत साबित हुई। गूगल पर दिखाई गई गलत जानकारी और सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने लोगों को भ्रमित कर दिया था। लेकिन सिंगर ने खुद सामने आकर साफ कर दिया कि वह सुरक्षित हैं और स्वस्थ हैं। उनकी एक छोटी-सी पोस्ट ने लाखों फैंस की चिंता खत्म कर दी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts