Bitcoin Crash:SpaceX-OpenAI के मेगा IPO की तैयारी से टूटा बिटकॉइन, 4 महीने के निचले स्तर तक फिसली कीमत

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन हाल ही में भारी दबाव में नजर आई। बाजार में बिकवाली बढ़ने के बीच बिटकॉइन चार महीने के निचले स्तर तक फिसल गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी बड़ी वजह आने वाले संभावित मेगा IPO और टेक कंपनियों में निवेश की बढ़ती दिलचस्पी है। निवेशक अब SpaceX, OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियों में पैसा लगाने के लिए क्रिप्टो बाजार से रकम निकाल रहे हैं।
टेक और AI कंपनियों की ओर बढ़ रहा निवेशकों का रुझान
क्रिप्टो ट्रेडिंग फर्म QCP के अनुसार, कई बड़े निवेशक आगामी इक्विटी ऑफरिंग में हिस्सा लेने के लिए अपनी बिटकॉइन होल्डिंग्स बेच रहे हैं। बाजार में चर्चा है कि SpaceX, OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियां आने वाले समय में बड़े स्तर पर फंड जुटाने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों का संभावित वैल्यूएशन और निवेश आकार सैकड़ों अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पेस टेक्नोलॉजी सेक्टर फिलहाल निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक क्षेत्र बनते जा रहे हैं। यही वजह है कि कई निवेशक अब क्रिप्टो से पैसा निकालकर टेक सेक्टर की ओर शिफ्ट हो रहे हैं।
4 महीने के निचले स्तर तक गिरा बिटकॉइन
एशियाई कारोबार के दौरान बिटकॉइन की कीमत करीब 5.5% टूटकर 61,322 डॉलर तक पहुंच गई जो पिछले चार महीनों का सबसे निचला स्तर था। हालांकि बाद में खरीदारी लौटने से कीमत 64,000 डॉलर के ऊपर पहुंच गई। Ericsenz Capital के मुख्य निवेश अधिकारी डेमियन लोह के मुताबिक 63,000 डॉलर के आसपास बिटकॉइन को मजबूत सपोर्ट मिला। जैसे ही रिकवरी शुरू हुई, कई शॉर्ट पोजिशन बंद हुईं और बाजार में तेजी लौटने लगी। इसके बावजूद साप्ताहिक आधार पर बिटकॉइन अब भी करीब 13% की गिरावट में बना हुआ है।
माइकल सैलर की कंपनी की बिक्री से बढ़ा दबाव
बाजार की कमजोरी उस समय और बढ़ गई जब माइकल सैलर की कंपनी Strategy Inc. ने अपनी कुछ बिटकॉइन होल्डिंग्स बेचीं। हालांकि यह बिक्री कुल होल्डिंग्स के मुकाबले काफी छोटी थी\ लेकिन कंपनी लंबे समय से बिटकॉइन की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट समर्थकों में गिनी जाती रही है। Animoca Brands के CIO जोश डू के अनुसार इस कदम ने निवेशकों को संकेत दिया कि बड़े संस्थागत खिलाड़ी भी जरूरत पड़ने पर बिटकॉइन बेच सकते हैं। इससे बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा।
ये भी पढ़ें: बाजार में लौटेगा विदेशी निवेश! निवेशकों को लुभाने की तैयारी में सरकार, टैक्स नियमों में मिल सकती है बड़ी राहत
ETF से लगातार हो रही निकासी
बिटकॉइन ETF से लगातार हो रही निकासी भी बाजार पर दबाव का बड़ा कारण बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मई महीने में संस्थागत निवेशकों ने बिटकॉइन ETF से अरबों डॉलर निकाल लिए। अमेरिकी बाजार में सूचीबद्ध कई बिटकॉइन ETF लगातार आउटफ्लो का सामना कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशक अब नई टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में बेहतर अवसर तलाश रहे हैं। ऐसे में जोखिम वाली संपत्तियों जैसे क्रिप्टोकरेंसी से धन निकलना स्वाभाविक माना जा रहा है।
SpaceX के बिटकॉइन भंडार पर भी नजर
एलन मस्क की कंपनी SpaceX के पास बड़ी मात्रा में बिटकॉइन होने की खबरें भी बाजार में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर भविष्य में SpaceX की लिस्टिंग होती है तो उसके शेयरों और बिटकॉइन के बीच निवेशकों की गतिविधियों का सीधा असर देखने को मिल सकता है। एलन मस्क पहले भी अपने बयानों और फैसलों से क्रिप्टो बाजार में बड़े उतार-चढ़ाव ला चुके हैं। इसलिए SpaceX से जुड़ी हर खबर पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।












