
पटना। बिहार के मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह और गैंगस्टर्स सोनू-मोनू के बीच बढ़ती दुश्मनी के चलते शुक्रवार सुबह फिर से फायरिंग हुई। यह घटना जलालपुर के हेमजा गांव में हुई, जहां मुकेश के घर पर सुबह 5:30 बजे पिस्टल से 5 गोलियां चलीं। फायरिंग का आरोप सोनू-मोनू गैंग पर है, इसे अनंत सिंह को चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। वहीं पुलिस ने जलालपुर निवासी और गैंगस्टर सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
22 जनवरी को मुकेश के घर का ताला खुलवाने के लिए अनंत सिंह हेमजा गांव पहुंचे थे। जिसके बाद वो सोनू-मोनू के गांव नौरंगा पहुंचे थे, जहां 100 राउंड फायरिंग हुई थी। मुकेश पर पैसे के गबन का आरोप है, जिसके चलते दोनों गैंग आपस में भिड़ गए। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई और कारतूस के खोखे भी मिले।
दोनों गैंग्स के बीच मुकेश को लेकर हुई फायरिंग
घटना शुक्रवार (24 जनवरी) सुबह करीब 5 बजे मोकामा के जलालपुर नौरंगा गांव के पास डुमरा में हुई। नौरंगा वही इलाका है, जहां एक दिन पहले भी बाहुबली अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच फायरिंग हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अनंत सिंह और सोनू मोनू को नामजद करते हुए कुल तीन FIR दर्ज की थीं। सोनू ने मुकेश पर पैसे के गबन का आरोप लगाया था, जबकि अनंत सिंह ने सोनू-मोनू गैंग पर मुकेश के साथ मारपीट करने और उसके घर में ताला लगाने का आरोप लगाया था। दरअसल, दोनों गैंग्स के बीच पहली बार फायरिंग मुकेश को लेकर ही हुई थी।
आज की फायरिंग के बाद पंचमहला थाना अध्यक्ष प्रहलाद कुमार झा ने छापेमारी की, जिसमें जलालपुर के निवासी और गैंगस्टर सोनू को गिरफ्तार किया गया। इस बात की पुष्टि बाढ़ SDPO राकेश कुमार ने की। पुलिस ने अनंत सिंह के समर्थक डुमरा निवासी रौशन सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
कहां से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हेमजा के मुकेश के घर पर कुछ दिन पहले गैंगस्टर सोनू-मोनू ने ताला लगा दिया था। इसके पीछे 65 लाख रुपए के लेन-देन का विवाद था। मुकेश लखीसराय जिले के खुटहा गांव में चिमनी में मुंशी का काम करता था, जहां वह सोनू-मोनू के साथ पार्टनर था। चिमनी के संचालन को लेकर लेन-देन का विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद सोनू-मोनू ने मुकेश के घर पर ताला लगा दिया। मुकेश ने इस बारे में अनंत सिंह को जानकारी दी, जिसके बाद अनंत सिंह ने सोनू-मोनू से फोन पर बात की और दोनों के बीच तीखी बहस हुई। फिर अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ हेमजा गांव पहुंचे, ताला खुलवाया और सोनू-मोनू को सुलह की चेतावनी दी। इसके बाद अनंत सिंह और उनके समर्थक नौरंगा गांव पहुंचे, जहां दोनों ओर से फायरिंग हुई।
One Comment