
सीहोर। जिले के देलवाड़ी घाट पर बुधवार दोपहर को एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 14 से ज्यादा लोग घायल हो गए। ये हादसा औबेदुल्लागंज-सलकनपुर हाईवे स्थित देलवाड़ी घाट पर हुआ है।
सलकनपुर जा रहे थे वाहन सवार
घटना के बाद सभी शवों और घायलों को औबेदुल्लागंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोपाल के गूंनगा थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव के लोग मैजिक वाहन में सवार होकर सलकनपुर दर्शन के लिए आ रहे थे। तभी घाट पर मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद घायलों को औबेदुल्लागंज के अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पीएम के लिए तीनों शवों को भी भेजा गया है।
हादसे में इनकी गई जान
घटना की सूचना वहां गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को औबेदुल्लागंज अस्पताल के लिए रवाना किया गया है। हादसे की जानकारी देते हुए एसडीओपी बुधनी शशांक गुर्जर ने बताया कि तीन महिलाओं की मौत हो गई है। मृतकों में छुट्टियां बाई (90), सावित्री(55) और फूलवती मीना(55) शामिल है। उक्त मैजिक वाहन में करीब 17 लोग सवार थे।
ये भी पढ़ें: भोपाल में मिली विचित्र मछली : बड़े तालाब में फिशिंग के दौरान फंसी क्रोकोडाइल फिश, मगरमच्छ जैसा जबड़ा