MP बनेगा टेक्नोलॉजी हब!भोपाल में स्पेन की कंपनी का 19 हजार करोड़ का मेगा निवेश, डेटा सेंटर से खुलेंगे रोजगार के दरवाजे

मध्यप्रदेश को विदेशी निवेश के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। स्पेन की अग्रणी तकनीकी कंपनी सबमर ने भोपाल में 2 बिलियन डॉलर यानी करीब 19 हजार करोड़ रुपए के निवेश से AI-रेडी डेटा सेंटर स्थापित करने का फैसला किया है। इस परियोजना से प्रदेश में डिजिटल ढांचे को मजबूती मिलेगी, हजारों रोजगार बनेंगे और वैश्विक निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा।
भोपाल में स्पेन की कंपनी का 19 हजार करोड़ का मेगा निवेश, डेटा सेंटर से खुलेंगे रोजगार के दरवाजे
भोपाल में स्पेन की कंपनी का बड़ा निवेश।

भोपाल। मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश लगातार जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में स्पेन की तकनीकी कंपनी सबमर ने भोपाल में डेटा सेंटर परियोजना के लिए 2 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की है। यह परियोजना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा के दौरान हुए समझौते का परिणाम मानी जा रही है। राज्य सरकार और MPIDC द्वारा परियोजना के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निवेश के साथ प्रदेश में रोजगार, तकनीकी विकास और डिजिटल सेवाओं के विस्तार की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्पेन यात्रा के समझौते का दिखा असर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जुलाई 2025 में स्पेन यात्रा के दौरान बार्सिलोना स्थित सबमर टेक्नोलॉजीज के मुख्यालय में डेटा सेंटर परियोजना को लेकर समझौता हुआ था। कंपनी ने भोपाल में बड़े स्तर पर निवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

भोपाल में बनेगा एआई-रेडी डेटा सेंटर

सबमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भोपाल में 1 गीगावाट क्षमता वाला AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित करेगी। यह डेटा सेंटर भविष्य की डिजिटल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। AI , क्लाउड कंप्यूटिंग और बड़े स्तर के डेटा प्रबंधन जैसी सेवाओं को इससे नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जमीन आवंटन की प्रक्रिया रिकॉर्ड समय में पूरी

कंपनी की ओर से डेटा सेंटर के लिए भूमि आवंटन का अनुरोध मिलने के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की। अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई। वहीं हज्जामपुरा, जिला भोपाल में परियोजना के लिए 60,619.30 वर्गमीटर भूमि आवंटन की सहमति 12 जुलाई 2026 को MPIDC द्वारा जारी की गई। यह भूमि 99 वर्षों की लीज पर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि जमीन आवंटन की प्रक्रिया महज छह दिनों में पूरी कर ली गई, जिससे निवेशकों को सकारात्मक संदेश मिला है।

ये भी पढ़ें: CM Mohan Yadav: MP Tech Growth Conclave 3.0 का आज होगा शुभारंभ, CM डॉ. मोहन यादव करेंगे उद्घाटन

19 हजार करोड़ का निवेश और 5 हजार रोजगार

करीब 19 हजार करोड़ रुपए के इस निवेश को प्रदेश के सबसे बड़े विदेशी निवेशों में से एक माना जा रहा है। परियोजना के शुरू होने से लगभग 5 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा निर्माण, परिवहन, तकनीकी सेवाएं, सुरक्षा, रखरखाव और अन्य सहयोगी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

28,200 करोड़ रुपये से अधिक का विदेशी निवेश

राज्य सरकार के अनुसार मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश अब केवल MoU तक सीमित नहीं है। स्पेन, कनाडा, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों की कंपनियों के करीब 28,200 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव अब ग्राउंडब्रेकिंग चरण में पहुंच चुके हैं। इनमें मैक्केन फूड का 3,800 करोड़ रुपए, हेलियन/जीएसके का 3,000 करोड़ रुपये और टोपान स्पेशल्टी फिल्म्स का 1,100 करोड़ रुपए का निवेश भी शामिल है।

ये भी पढ़ें: DGP कैलाश मकवाना की मां का निधन! CM डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

डिजिटल और औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

सबमर की यह परियोजना केवल एक डेटा सेंटर नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव मानी जा रही है। इससे प्रदेश के IT सेक्टर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही यह निवेश देश-विदेश की अन्य कंपनियों को भी मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित कर सकता है। 

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts