Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीलिंग के खिलाफ भोपाल में व्यापारियों का हल्लाबोल, CM हाउस की ओर बढ़े कारोबारी; पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका

भोपाल के रिहायशी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। कार्रवाई के विरोध में भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में व्यापारी सड़क पर उतर आए।
सीलिंग के खिलाफ भोपाल में व्यापारियों का हल्लाबोल, CM हाउस की ओर बढ़े कारोबारी; पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका
सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ भोपाल में व्यापारियों का प्रदर्शन

भोपाल। राजधानी भोपाल के रिहायशी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर एक बार फिर कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे से नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, जहां रिहायशी क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान कोहेफिजा इलाके में स्थित चाय लीला कैफे के अलावा होटल, बुक शॉप और बेकरी समेत कई प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। कुछ संचालकों ने नगर निगम की कार्रवाई से पहले ही अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद कर दिए और बाहर बंद होने के पोस्टर लगा दिए। इस कार्रवाई के बीच व्यापारियों में भी नाराजगी देखने को मिली। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी मंगलवार सुबह सड़क पर उतरे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने के लिए सीएम हाउस की ओर जाने लगे। पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे से पहले बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को रोक दिया।

सुबह 9 बजे से शुरू हुई कार्रवाई

नगर निगम की अलग-अलग टीमें मंगलवार सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक रिहायशी इलाकों में नियमों के विपरीत चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान दुकानों, होटल, कैफे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जहां कार्रवाई की स्थिति बनी, वहां प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया या सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। कोहेफिजा में चाय लीला कैफे पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बुक शॉप और बेकरी समेत अन्य प्रतिष्ठानों पर भी नगर निगम की टीम पहुंची।

24 घंटे का नोटिस खत्म, अब सीलिंग शुरू! भोपाल में होटल-जिम और गोदामों पर नगर निगम का शिकंजा

व्यापारियों ने खोला मोर्चा

नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले व्यापारी एक बार फिर सड़क पर उतर आए। व्यापारी आज न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप के पास एकत्र हुए। इसके बाद सभी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करने के लिए सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे। व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई को लेकर उनकी कई आपत्तियां हैं और वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं। हालांकि पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे से पहले बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को रोक दिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक व्यापारी और पुलिस आमने-सामने रहे।

 

व्यापारियों का आरोप- 'छोटे कारोबारियों पर हो रही कार्रवाई'

व्यापारियों की ओर से कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई गई है। उनका कहना है कि अगर नियमों का पालन कराने के लिए कार्रवाई हो रही है, तो इसे सभी पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई का असर छोटे दुकानदारों और कारोबारियों पर ज्यादा पड़ रहा है। वे चाहते हैं कि प्रशासन पहले पूरे मामले को स्पष्ट करे और प्रभावित व्यापारियों को अपनी बात रखने का उचित मौका मिले।

 

रहवासियों ने भी उठाए सवाल

इस पूरे मामले की शुरुआत रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर उठे सवालों से हुई है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाले रहवासी विवेक त्रिपाठी का कहना है कि नगर निगम की कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित है। उनका आरोप है कि बड़े और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही, जबकि छोटे कारोबारियों पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि ये आरोप याचिकाकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इस पर नगर निगम या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

कई संचालकों ने खुद बंद कर दिए प्रतिष्ठान

कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद कुछ दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों ने खुद ही अपने संस्थान बंद कर दिए। कई जगह दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर बंद होने के पोस्टर भी लगाए गए। नगर निगम की टीमों के पहुंचने से पहले ही संचालकों द्वारा दुकानें बंद करने का सिलसिला दिखाई दिया। इससे सोमवार की कार्रवाई के बाद मंगलवार को भी शहर के कई हिस्सों में व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा।

भोपाल में कल से शुरू होगी सीलिंग की कार्रवाई, दुकानों पर 24 घंटे के नोटिस चस्पा

किन इलाकों में चल रही कार्रवाई?

नगर निगम ने मंगलवार को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए टीमें भेजीं। इनमें उत्तर विधानसभा के कोहेफिजा, सिंधी कॉलोनी और कबाड़खाना, नरेला विधानसभा के करोंद और सुभाष नगर शामिल हैं। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की न्यू एमपी-एमएलए कॉलोनी, मध्य विधानसभा के जहांगीराबाद और करबला रोड में भी कार्रवाई की गई। गोविंदपुरा विधानसभा के बाग मुगालिया, अमराई, सहयोग विहार, रघुनाथ नगर, रोहित नगर और ज्योतिनगर में भी नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई शुरू की। हुजूर विधानसभा क्षेत्र में चंचल नगर, सीहोर नाका, गांधी नगर और सीटीओ क्षेत्र को भी कार्रवाई के दायरे में रखा गया है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts