🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

मोती मस्जिद के सामने बैरिकेडिंग में राहत, अब निकल सकेंगे टू-व्हीलर; व्यापारी बोले- पूरी बैरिकेडिंग हटाएं

भोपाल में मोती मस्जिद के सामने लगी बैरिकेडिंग का एक हिस्सा पुलिस ने हटा दिया है। अब टू-व्हीलर और पैदल लोग गुजर सकेंगे, लेकिन चार पहिया वाहनों की आवाजाही अभी बंद है। व्यापारी पूरी बैरिकेडिंग हटाने की मांग कर रहे हैं।
Follow on Google News
मोती मस्जिद के सामने बैरिकेडिंग में राहत, अब निकल सकेंगे टू-व्हीलर; व्यापारी बोले- पूरी बैरिकेडिंग हटाएं
मोती मस्जिद के सामने बैरिकेडिंग में राहत

पुराने भोपाल के कारोबारियों की परेशानी को देखते हुए मोती मस्जिद के सामने लगी बैरिकेडिंग में बुधवार को कुछ राहत दी गई। पुलिस ने यहां लगाए गए बैरिकेड्स का एक हिस्सा हटा दिया है, जिससे अब टू-व्हीलर और पैदल लोग इस रास्ते से गुजर सकेंगे। हालांकि कार, ऑटो और अन्य चार पहिया वाहनों के लिए रास्ता अभी भी बंद है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों ने इसे अधूरी राहत बताया है। उनका कहना है कि जब तक पूरी बैरिकेडिंग नहीं हटाई जाती, तब तक बाजार की मुख्य समस्या दूर नहीं होगी।

7 अगस्त को व्यापारियों ने किया था प्रदर्शन

मोती मस्जिद के सामने बैरिकेडिंग के विरोध में 7 अगस्त को व्यापारियों ने बड़ा प्रदर्शन किया था। विरोध के दौरान बाजार भी दोपहर तक बंद रखा गया था। व्यापारियों ने पुलिस से बैरिकेडिंग पूरी तरह हटाने की मांग की थी। प्रदर्शन के अगले दिन सांसद आलोक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ बैठक की थी। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने बैरिकेडिंग का कुछ हिस्सा हटाने का फैसला किया।

व्यापारियों ने कहा- आधी बैरिकेडिंग हटाने से समस्या जस की तस

व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि व्यापारियों ने पुलिस से सभी बैरिकेड्स हटाने की मांग की थी, लेकिन फिलहाल सिर्फ मोटरसाइकिल और पैदल लोगों के निकलने की जगह बनाई गई है। उनका कहना है कि अगर चार पहिया वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं होती तो व्यापारियों और ग्राहकों को पहले जैसी ही परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आपात स्थिति में दमकल की गाड़ी भी बाजार तक नहीं पहुंच पाएगी। व्यापारियों की मांग है कि पुलिस पूरी बैरिकेडिंग हटाए ताकि बाजार में सामान्य आवाजाही बहाल हो सके और ग्राहकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी इसका फायदा मिले।

ये भी पढ़ें: बैंकों में 5 डे वीक की मांग तेज, भोपाल में बैंककर्मियों का प्रदर्शन; बोले- मांग नहीं मानी तो करेंगे हड़ताल

कई व्यापारी संगठनों ने उठाई पूरी बैरिकेडिंग हटाने की मांग

बैरिकेडिंग हटाने की मांग को लेकर भोपाल व्यापारी महासंघ, श्री सराफा एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, ओल्ड भोपाल होलसेल रेडीमेड संघ, आजाद मार्केट व्यवसायी संघ, नदीम रोड व्यापारी संघ और इब्राहिमपुरा व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने भी पुलिस से रास्ता पूरी तरह खोलने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इस रास्ते के बंद होने से पुराने भोपाल के कई प्रमुख बाजारों तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।

कई बाजारों के लिए बढ़ गया है रास्ता

मोती मस्जिद के सामने इकबाल मैदान चौराहे पर बैरिकेडिंग के कारण भोज सेतु की तरफ से आने वाले वाहनों को सीधे बाजार की ओर जाने के बजाय सदर मंजिल, चिरायु हॉस्पिटल होते हुए आगे जाना पड़ता है। इस वजह से लखेरापुरा, चौक बाजार, सराफा, जुमेराती, बुधवारा और इब्राहिमगंज समेत आसपास के बाजारों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पहले वाहन सीधे इन बाजारों तक पहुंच जाते थे, लेकिन बैरिकेडिंग के बाद ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हथनी ‘स्मिता’ की मौत से हड़कंप, जांच के लिए बनेगी SIT

1 अगस्त की आग के बाद बढ़ी थी नाराजगी

मोती मस्जिद के सामने बैरिकेडिंग को लेकर व्यापारियों की नाराजगी उस समय और बढ़ गई थी, जब 1 अगस्त को चौक बाजार में आग लगने के दौरान दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई थी। चौक बाजार में करीब 100 साल पुरानी कपड़ा दुकान में आग लगी थी। व्यापारियों का आरोप था कि बैरिकेडिंग के कारण दमकल को मौके तक पहुंचने में समय लगा, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। इसके बाद से ही व्यापारी बैरिकेडिंग को सुरक्षा और कारोबार दोनों के लिए परेशानी बताते हुए इसे हटाने की मांग कर रहे थे।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

icon

Latest Posts