सीलिंग के विरोध के बीच अब 'दौड़ेगा' भोपाल, 9 सितंबर को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’

भोपाल। राजधानी के मास्टर प्लान को लेकर शहर में गतिविधियां तेज हो गई हैं। भोपाल मध्य क्षेत्र के विधायक आरिफ मसूद ने मास्टर प्लान लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की परेशानियों को देखते हुए 9 सितंबर को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया जाएगा। मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि उज्जैन में मास्टर प्लान लागू किया भोपाल में क्यों नहीं? उन्होंने सरकार द्वारा दी गई ‘सैद्धांतिक अनुमति’ पर सवाल उठाए।
ड्राफ्ट लागू करने में लग सकता है पांच साल
मसूद ने कहा कि मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक अनुमति का मतलब वह समझ नहीं पा रहे हैं, क्योंकि मास्टर प्लान लागू होने से पहले ड्राफ्ट तैयार कर उसे प्रकाशित करना होगा। इसके बाद दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया होगी जिसमें 05 माह का समय लग सकता है।
कांग्रेस सरकार के समय बन गया ड्राफ्ट
विधायक मसूद ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय तैयार किया गया मास्टर प्लान का ड्राफ्ट पहले से मौजूद है। उसे रद्द करने का आदेश भी नहीं हुआ है। ऐसे में नया ड्राफ्ट तैयार करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अनुमति की बात मामले को टालने का प्रयास है।
डेढ़ किलोमीटर की होगी दौड़
मसूद ने कहा कि 09 सितंबर को सुबह 07:30 बजे 11 नंबर से हबीबगंज थाने के सामने स्थित राजीव गांधी प्रतिमा तक ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ आयोजित की जाएगी। करीब डेढ़ किलोमीटर की इस दौड़ में लोगों से शामिल होने की भी अपील की है।
किसी दल का झंडा नहीं होगा
विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि दौड़ में प्रतिभागियों के हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा होगा। उन्होंने बताया कि किसी राजनीतिक दल का बैनर नहीं होगा और न ही किसी व्यक्ति के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों, डॉक्टरों, सिविल सोसाइटी, एनजीओ और आम नागरिकों से दौड़ में शामिल होने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: हरदा से रूस तक पहुंचा अंशुल का हुनर, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का किया प्रतिनिधित्व




















