20 लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ, देखते ही देखते जुट गया 200 से ज्यादा सामान; BCF की पहल बनी मिसाल

भोपाल। जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भोपाल केयरर्स फोरम (BCF) ने रविवार को ‘उपहारम’ अभियान का आयोजन किया। इस अभियान में करीब 20 लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक उपयोगी वस्तुएं पहुंचाना और समाज में सहयोग व दान की भावना को बढ़ावा देना था।
अपने साथ लेकर आए योगदान
‘उपहारम’ अभियान की सबसे खास बात यह रही कि लगभग सभी टीममेंबर अपने साथ कुछ न कुछ सामान लेकर पहुंचे। किसी ने उपयोगी वस्तुएं दीं तो किसी ने अपनी क्षमता के अनुसार जरूरत का सामान उपलब्ध कराया। अभियान के दौरान कुल 200 से अधिक वस्तुएं एकत्रित कर दान की गईं। स्वयंसेवकों ने मिलकर इन वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए योगदान दिया।
सेवा के साथ नए लोगों से जुड़ने का मौका
यह अभियान सिर्फ दान तक सीमित नहीं रहा। इसमें शामिल लोगों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया और नए लोगों से भी मुलाकात की। सामुदायिक सेवा के इस प्रयास ने लोगों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसमें भागीदारी करने का अवसर दिया। BCF का मानना है कि सामाजिक बदलाव के लिए हमेशा बड़े आयोजन या बड़ी संख्या में लोगों की जरूरत नहीं होती। अगर कुछ लोग भी मिलकर ईमानदारी से प्रयास करें, तो उसका सकारात्मक असर समाज पर पड़ सकता है।
भोपाल के बड़े तालाब की कितनी है सीमा? आज हुआ ड्रोन सर्वे, अब रिपोर्ट में होगा खुलासा

छोटी पहल से बड़ा संदेश
‘उपहारम’ अभियान BCF की उन पहलों का हिस्सा है, जिनके जरिए संगठन लोगों को सामाजिक सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करता है। अभियान भले ही BCF के दूसरे बड़े कार्यक्रमों की तुलना में छोटा रहा, लेकिन स्वयंसेवकों की भागीदारी ने इसे खास बना दिया। करीब 20 लोगों के सामूहिक प्रयास से 200 से ज्यादा वस्तुओं का दान यह संदेश देता है कि समाज में बदलाव की शुरुआत छोटी-सी पहल से भी हो सकती है। BCF की यह पहल लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने की प्रेरणा देती है।



















