PU Special :68 वर्षीय बुजुर्ग महिला का आरोप दूसरी शादी के लिए तलाक की धमकी दे रहा पति!

भोपाल में 68 वर्षीय महिला ने अपने 71 वर्षीय सेवानिवृत्त पति पर तलाक की धमकी देकर दूसरी शादी करने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति पड़ोस में रहने वाली विधवा महिला के संपर्क में है। पति ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि गुस्से में तलाक की बात कही थी। फिलहाल मामले में काउंसलिंग से समाधान की कोशिश जारी है।
68 वर्षीय बुजुर्ग महिला का आरोप दूसरी शादी के लिए तलाक की धमकी दे रहा पति!

पल्लवी वाघेला, भोपाल। उम्र के उस पड़ाव पर, जब पति-पत्नी को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए, एक 68 वर्षीय महिला अपने 71 वर्षीय पति के खिलाफ शिकायत लेकर महिला आयोग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) पहुंची है। महिला का आरोप है कि उसका रिटायर्ड पति उसे तलाक देने की धमकी दे रहा है और दूसरी शादी करना चाहता है। महिला ने बताया कि पति पड़ोस में रहने वाली विधवा महिला से संपर्क में है और उसे शक है कि उसी महिला से शादी के लिए पति तलाक की धमकी दे रहा है। बता दें, मामले में महिला बीते करीब आठ साल से पति से अलग रह रही है।

यह है मामला 

मामले में 71 वर्षीय पति शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त है। महिला के मुताबिक, पति के चाल-चलन पर उसे हमेशा शक रहा है। नौकरी के बहाने वह ज्यादातर अन्य शहरों में रहे और उनकी महिला मित्रों की संख्या भी ज्यादा रही है। इसी सबके चलते आठ साल पहले वह पति को छोड़ बेटे के साथ रहने चली गई थीं। महिला ने बताया कि उनका एक बेटा और तीन बेटियां हैं। अब बेटे ने आकर उसे बताया कि पिता ने फोन पर कहा है कि वह तलाक लेकर दूसरी शादी करेंगे। इसी के बाद महिला ने महिला आयोग और डालसा में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया कि पति लगातार तलाक की धमकी दे रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।

Breaking News

पति ने आरोपों को बताया गलत 

दूसरी ओर, महिला के पति ने पत्नी के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि दूसरी शादी करने का उसका कोई इरादा नहीं है। हां, पत्नी के वापस न आने से परेशान होकर उन्होंने गुस्से में ऐसा कह दिया था जो नहीं कहना था। पति ने कहा कि पत्नी स्वयं उसके साथ नहीं रहना चाहती। साथ ही वह संपत्ति हासिल करने के लिए उस पर झूठे आरोप लगा रही है। पति ने कहा कि उम्र के इस दौर में वह पत्नी का साथ चाहते हैं, यदि वह नहीं आ रही तो तलाक ही बेहतर है। इसके बाद वह चाहे अपने मन मुताबिक जो करे। पति ने कहा कि पत्नी बच्चों के बहकावे में है और उन सबको सिर्फ पिता की संपत्ति से मतलब है। इसलिए वह परिवार से नाता तोड़ना चाहते हैं। फिलहाल मामले में काउंसलिंग के जरिए दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विवाद की वास्तविक वजह समझने और समाधान की संभावना तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: कंगना रनौत और बाबा रामदेव में सुलह, एक्ट्रेस ने कहा- बड़े भाई का प्रेम स्वीकार, सब भूल चूक माफ

होता है मुश्किल 

बुजुर्ग दंपतियों के विवाद में केवल वैवाहिक संबंध ही नहीं, बल्कि संपत्ति, बच्चों का हस्तक्षेप, आर्थिक सुरक्षा और अकेलेपन जैसे मुद्दे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों की बात अलग-अलग सुनना जरूरी होता है। आरोप-प्रत्यारोप के बजाय यह समझना जरूरी है कि दंपती के बीच अलगाव की मूल वजह क्या है और क्या दोनों साथ रहना चाहते हैं। उम्रदराज दंपती के मामले में भावनात्मक और सामाजिक सुरक्षा को भी ध्यान में रखकर समाधान तलाश करने की कोशिश की जाती है।

 प्रतिभा राजगोपाल, निदेशक, मध्यस्थता केन्द्र

ये भी पढ़ें: मंत्री विजय शाह मामले में अब निगाहें ‘लोक भवन’ की ओर, कैबिनेट ने जो तय किया उस पर राज्यपाल की राय रहेगी अहम

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts