नवरात्र में मेधावी छात्राएं संभालेंगी भिंड जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी, पहले दिन रेसलर शिवानी तोमर बनीं अध्यक्ष

विजय एस. गौर, भोपाल। दुर्गा उत्सव में नौ देवियों की आराधना को लेकर अनूठी पहल भिंड जिला पंचायत ने की है। यहां नौ दिनों तक प्रत्येक दिन जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व जिले की मेधावी छात्रा संभालेगी। इसके तहत पहले दिन राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती चैंपियन कुमारी शिवानी सिंह तोमर ने जिला पंचायत अध्यक्ष की भूमिका निभाई।
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पहल को बताया अनुकरणीय और प्रेरणादायी
इस बारे में भिंड जिले के प्रभारी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरे प्रभार वाले जिले भिंड में इस शारदीय नवरात्र के अवसर पर जिला पंचायत द्वारा अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी पहल की गई है। इसके तहत नवरात्रि के नौ दिनों में प्रत्येक दिन देवी-स्वरूपा एक मेधावी कन्या को 'जिला पंचायत अध्यक्ष' का सांकेतिक एवं गरिमामयी दायित्व निभाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती चैंपियन कुमारी शिवानी सेंगर को एक दिन के लिए जिला पंचायत भिंड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मैंने वर्चुअल माध्यम से उनसे संवाद किया। बेटी शिवानी के ओजस्वी विचार, उनकी परिपक्व कार्यशैली और आत्मविश्वास को देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।
ये भी पढ़ें: नर्मदा स्वच्छता अभियान : मंत्री प्रहलाद पटेल ने पूर्व विधायक भाई, समर्थकों के साथा नर्मदा में खुद उतरकर की सफाई
विभागीय कार्यों पर चर्चा, वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
मंत्री पटेल ने एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष शिवानी तोमर से विभागीय कार्यों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। शिवानी तोमर ने जिला पंचायत के विभिन्न प्रभागों का भ्रमण कर कार्यप्रणाली को समझा तथा 'वन स्टॉप सेंटर (सखी)' का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
ये भी पढ़ें: Labour Rights: AI वीडियो और रील्स के जरिए, अब श्रमिकों को मिलेगा हक की बात, अधिकारों की जानकारी




















