राष्ट्रीय

प्रियंका बोलीं – मेरे बड़े भाई, तुम पर गर्व है… अडाणी अंबानी ने बड़े नेता खरीद लिए पर तुम्हें नहीं खरीद सके

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री मंगलवार को यूपी में हुई। गाजियाबाद में राहुल गांधी के साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा भी पहुंचीं। प्रियंका ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के उत्तर प्रदेश में दाखिल होने पर अपने बड़े भाई राहुल गांधी एवं अन्य ‘भारत यात्रियों’ का स्वागत किया। उन्होंने कहा- राहुल ने सत्य का कवच पहन रखा है। इस वजह से भगवान ठंड और दूसरी सभी चीजों से उनकी सुरक्षा करेंगे। उन्होंने अडाणी-अंबानी का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी को कोई खरीद नहीं सकता और वह सच्चाई से पीछे नहीं हटने वाले हैं।

मंच से बोलते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- मेरे बड़े भाई… तुम पर गर्व है। सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि खराब करने के लिए। लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं। अडाणी-अंबानी ने बड़े-बड़े नेता खरीद लिए। देश की सरकारी संपत्ति खरीद लीं। देश की मीडिया खरीद ली, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न खरीद पाएंगे।

भीड़ ने किया गर्मजोशी से स्वागत

गाजियाबाद में लोगों का अभिवादन स्वीकार करते राहुल और प्रियंका।

राहुल गांधी और प्रियंका का गाजियाबाद में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां करीब 6 किमी पैदल चलने के बाद दोनों दिल्ली लौट गए। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद मिलाकर राहुल 25 किमी पैदल चले। कल (4 जनवरी 2023) सुबह बागपत से वे फिर यात्रा में जुड़ेंगे।

राहुल ने सत्य का कवच पहना है, भगवान सुरक्षित रखेंगे

गाजियाबाद में प्रियंका ने कहा- किसी ने मुझसे पूछा- आपके भाई को ठंड नहीं लगती। वह केवल एक टी-शर्ट पहनकर चल रहे हैं। किसी ने कहा कि अब कश्मीर जा रहे हैं, क्या उनकी सुरक्षा को लेकर डर नहीं लगता? मैंने कहा- वह सत्य का कवच पहने हुए हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। जब तक आप लोग इस देश के सत्य को पहचानेंगे तब तक भगवान इस देश की सच्चाई की रक्षा करेगा।

नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली

प्रियंका ने कहा- एकता में ही आपका विकास है। पूरे देश में एकता और सद्भावना का पैगाम ले जाइए। राहुल गांधी ने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली है। मैं सबसे कहना चाहती हूं कि हर जगह मोहब्बत की दुकान की फ्रेंचाइजी खोलो। अगर यह दुकान नहीं खोलोगे तो नफरत की राजनीति बढ़ती रहेगी और आपकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, रोजगार नहीं मिलेगा, अर्थव्यवस्था आगे नहीं बढ़ पाएगी।

फारूक अब्दुल्ला शामिल हुए

मंगलवार को नेशनल कांफ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। यात्रा जब गाजियाबाद पहुंची तो कुछ देर के लिए फारूक इसका हिस्सा बने। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को गले लगाया। उनके अलावा शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी और ‘रॉ’ के पूर्व चीफ ए एस दुलत भी मंगलवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पहुंचे। राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी ने इसको शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया- तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तपस्वियों को सलाम!

पश्चिम बंगाल में वंदे भारत पर पथराव, 4 दिन पहले ही चालू हुई है ट्रेन, भाजपा ने कहा- NIA जांच कराएं

संबंधित खबरें...

Back to top button