मोदी के लिए बेल्जियम PM लाए खास तोहफा, रास्ते में टूटा ‘चॉकलेट इंडिया गेट’! ट्रंप पर भी कसा तंज, मोदी की तारीफ

नई दिल्ली। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की भारत यात्रा के दौरान एक दिलचस्प किस्सा सामने आया। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बेल्जियम की मशहूर चॉकलेट से बना इंडिया गेट का मॉडल लेकर आए थे, लेकिन भारत पहुंचने से पहले ही यह खास तोहफा टूट गया। बेल्जियम दूतावास ने इसकी तस्वीर साझा कर इसकी जानकारी दी। डी वेवर ने भारत दौरे के दौरान व्यापार, रक्षा और आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। मुंबई में उन्होंने अमेरिकी टैरिफ नीति पर भी बिना नाम लिए कटाक्ष किया। वहीं, उन्होंने पीएम मोदी को दुनिया के प्रेरणादायक नेताओं में शामिल बताते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ की।
मोदी के लिए बनाया था चॉकलेट का इंडिया गेट
बेल्जियम के प्रधानमंत्री चाहते थे कि भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी को ऐसा तोहफा दिया जाए, जिसका दोनों देशों के रिश्तों से खास संबंध हो। इसी सोच के साथ बेहतरीन बेल्जियन चॉकलेट से इंडिया गेट की प्रतिकृति तैयार कराई गई। इसे मोदी को भेंट किया जाना था लेकिन यात्रा के दौरान मॉडल टूट गया। बेल्जियम दूतावास ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि यह कलाकृति दुर्भाग्य से रास्ते में क्षतिग्रस्त हो गई।
‘असली इंडिया गेट टिक गया, चॉकलेट वाला नहीं’
बार्ट डी वेवर ने खुद इस मजेदार घटना का जिक्र पीएम मोदी के साथ मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि असली इंडिया गेट करीब एक सदी से खड़ा है, लेकिन चॉकलेट से बनाया गया उसका मॉडल भारत पहुंचने तक नहीं टिक पाया। उन्होंने यह भी बताया कि बेल्जियम में इस मॉडल की दूसरी प्रतिकृति तैयार है। उनका इरादा है कि अगली कोशिश में इसे सुरक्षित तरीके से प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचाया जाए।
ये भी पढ़ें: NOC ने रोका RBI अफसर बनने का रास्ता: हाईकोर्ट पहुंचते ही फरियादी को इंटरव्यू की राह मिली
इंडिया गेट चुनने की वजह भी खास
चॉकलेट से इंडिया गेट बनाने के पीछे दोनों देशों का साझा इतिहास जुड़ा है। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भारतीय सैनिक बेल्जियम की धरती पर लड़े थे। डी वेवर ने कहा कि बेल्जियम उन भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को आज भी याद रखता है। इसी ऐतिहासिक रिश्ते को ध्यान में रखते हुए इंडिया गेट को इस खास तोहफे के लिए चुना गया था।
ट्रंप के टैरिफ पर बिना नाम लिए निशाना
मुंबई में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से जुड़े कार्यक्रम में डी वेवर ने बढ़ते संरक्षणवाद और टैरिफ की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ देश ऐसे फैसले लेते हैं जिन्हें कुछ दिनों बाद बदल देते हैं और फिर दोबारा लागू कर देते हैं। उन्होंने किसी देश या नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति से जोड़कर देखा गया। अपनी बात पर मिली तालियों के बाद डी वेवर ने मजाक में कहा कि लोगों को समझ आ गया है कि वह किसकी बात कर रहे हैं।
पीएम मोदी की जमकर तारीफ
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया कई तरह की अनिश्चितताओं से गुजर रही है, लेकिन मोदी की बात सुनकर भरोसा पैदा होता है। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री को बुद्धिमान और प्रेरणादायक नेता बताया।
ये भी पढ़ें: आधी रात जन्मे कान्हा, गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’! देशभर में जश्न, नाथद्वारा में 21 तोपों की सलामी
भारत-बेल्जियम रिश्तों को नई मजबूती
भारत और बेल्जियम ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भी समझौते हुए हैं। इसके अलावा स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, लॉजिस्टिक्स और व्यापार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।



















