ताजा खबरराष्ट्रीय

BBC के दिल्ली-मुंबई ऑफिस पर दूसरे दिन भी IT का सर्वे जारी, 2012 से खातों का ब्योरा खंगाल रहे अधिकारी

मुंबई। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों पर लगातार दूसरे दिन आयकर विभाग (IT) का सर्वे जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी 2012 से अब तक के अकाउंट्स की जानकारी पता कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सर्वे के दौरान IT के अधिकारियों और BBC इंडिया के संपादकों के बीच बहस भी हुई है।

‍‍BBC ने स्टाफ से सहयोग करने को कहा

BBC के दफ्तर में आईटी का सर्वे जारी है। बीबीसी ने अपने स्टाफ से कहा कि वह हर सवाल का जवाब ईमानदारी से दें। बीबीसी ने यह बात अपने स्टाफ को मेल कर दी है और सहयोग करने के लिए कहा है।

इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप

आयकर विभाग के अधिकारियों ने BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। IT अधिकारियों ने फाइनेंस डिपार्टमेंट के स्टाफ के मोबाइल, लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त कर लिए हैं।

बीबीसी ने आतंकी को महिमामंडित किया

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने BBC की कुछ पुरानी खबरों के हवाले से कहा कि इन समूह ने एक आतंकवादी को ‘करिश्माई युवा आतंकवादी’ कहकर उसका महिमामंडन किया था। भाटिया ने कहा कि इसी समूह ने होली को ‘गंदा’ त्योहार कहा था। बीबीसी भारत में काम करता है, लेकिन वह इसके संविधान और संस्कृति का सम्मान कम ही करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, उसके नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दल भी देश के इस उदय पर ‘दर्द’ महसूस करते हैं।

ये भी पढ़ें- भाजपा ने BBC को बताया भ्रष्ट, बकवास कॉर्पोरेशन; कहा- इसका प्रोपेगैंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक

भाटिया ने कांग्रेस पर राष्ट्र विरोधी’ ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी के लिए आपकी नफरत इतनी है कि आप एक जांच एजेंसी के काम का भी राजनीतिकरण कर देते हैं। आप हमेशा सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर भी सवाल उठाते हैं। लेकिन बीबीसी के कृत्य देखें तो यह पूरी दुनिया की सबसे भ्रष्ट बकवास कॉर्पोरेशन हो गई है। इसका प्रोपेगैंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक साथ मेल खाता है।

कांग्रेस लगातार उठा रही सवाल

बीबीसी पर छापों को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर सवाल उठा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस ने BBC के माइक को कांटेदार तांरों में बंधा हुआ फोटो शेयर किया। इसमें नीचे लिखा गया है कि मीडिया की आजादी के मामले में भारत 180 देशों में से 150वें नंबर पर है। कांग्रेस ने पीएम मोदी का एक पुराना इंटरव्यू शेयर किया। इसमें मोदी कह रहे हैं कि लोकतंत्र में मीडिया ताकतवर नहीं होगा तो देश चलेगा नहीं। ऐसा डरपोक मीडिया देश को नहीं चाहिए। कितना भी बड़ा तीसमारखां हो, मीडिया डटकर खड़ा रहे।

ये भी पढ़ें- बीबीसी पर छापे; कांग्रेस पर प्रवक्ता बनने के आरोप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले-कानून से ऊपर कोई नहीं

BBC के दिल्ली-मुंबई स्थित दफ्तरों पर सर्वे

बताते चलें कि आयकर विभाग ने मंगलवार को टैक्स चोरी की जांच के लिए बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों में एक ‘सर्वे ऑपरेशन’ चलाया। दोनों ही जगह आयकर के अधिकारियों के टीमों ने एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई बीबीसी द्वारा दो-पार्ट वाली डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ को प्रसारित करने के कुछ हफ्ते बाद हुई है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने इसे अघोषित आपातकाल बताते हुए सवाल उठाए। कांग्रेस ने कार्रवाई को ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’ करार दिया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- ‘हम अडाणी मामले में संयुक्त संसदीय समिति (JPV) से जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार BBC के पीछे पड़ गई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।’

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button