राष्ट्रीय

VIDEO: बिहार के वैशाली में भीषण सड़क हादसा… पूजा कर रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, 8 की मौत

बिहार के वैशाली में रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे खड़े होकर पूजा कर रहे 30 लोगों को नशे में धुत एक ट्रक ड्राइवर ने कुचल दिया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, इनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 9 बजे सुल्तानपुर गांव के पास हुआ। ब्रह्मस्थान में भुइयां बाबा की पूजा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। सभी लोग पीपल के पेड़ के नीचे खड़े होकर पूजा कर रहे थे। तभी 120 की रफ्तार में एक ट्रक आया और लोगों को रौंदते हुए निकल गया। लोगों ने बताया कि अगर पेड़ नहीं होता तो 50 से ज्यादा जानें जातीं।

50-60 साल से यहां हो रही है पूजा

ग्रामीणों ने बताया कि, घटना स्थल पर सड़क किनारे ही देवस्थल है। 50-60 साल से वहां पूजा हो रही है। पूजा लगभग पूरी हो चुकी थी, सब अपने-अपने घर लौटने वाले थे कि तभी हाजीपुर से महनार की तरफ जा रहा अनियंत्रित ट्रक लोगों को कुचलता चला गया। इसके बाद ट्रक पीपल के पेड़ में टकरा गया। हादसे के बाद गैस कटर से ट्रक को काटकर मृतकों को निकाला गया। ज्यादातर बच्चे ट्रक और पेड़ के बीच में फंसे थे।

PM मोदी ने जताया दुख

बिहार में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है। PMO की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि, बिहार के वैशाली में हुआ हादसा दुखद है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। साथ ही कहा गया है कि मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।

सीएम नीतीश ने भी किया मुआवजे का ऐलान

उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस घटना पर शोक जताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रुपए मदद देने का ऐलान किया। साथ ही घायलों के इलाज के निर्देश दिए।

सभी मृतकों की उम्र 20 से कम

मरने वालों की उम्र 8 से 20 साल के बीच है। वर्षा कुमारी (8), सुरुचि (12), अनुष्का (8), शिवानी (8) , खुशी (10), चन्दन(20), कोमल (10) और सतीश (17) है। वहीं पुलिस ने घायल ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button