Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व : चार हाथियों और 50 वनकर्मियों ने इंक्लोजर में शिफ्ट किया बुजुर्ग पर हमला करने वाला बाघ, अब रहेगा निगरानी में

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर जोन में एक बुजुर्ग पर हमला करने वाले बाघ को रेस्क्यू कर इंक्लोजर में शिफ्ट किया गया है। इस बीच ग्रामीणों को वन क्षेत्र में सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
चार हाथियों और 50 वनकर्मियों ने इंक्लोजर में शिफ्ट किया बुजुर्ग पर हमला करने वाला बाघ, अब रहेगा निगरानी में

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में एक बुजुर्ग को मौत के घाट उतारने वाले हमलावर बाघ को वन विभाग की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। करीब 5 वर्षीय इस नर बाघ को गुरुवार को मगधी परिक्षेत्र स्थित बहेरहा इंक्लोजर में सफलतापूर्वक स्थानांतरित किया गया। प्रारंभिक जांच में बाघ पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है, जहां अब उसके व्यवहार पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे महुआ या लकड़ी बीनने के लिए जंगल में हमेशा समूह में ही जाएं और सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही वन क्षेत्र में प्रवेश करें।

लंबे समय तक छिपा रहा घनी झाड़ियों में 

इस बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए वन विभाग ने एक व्यापक रणनीति बनाई, जिसमें चार प्रशिक्षित हाथियों (लक्ष्मण, सूर्या, गणेश और सुंदरगज) के साथ 50 से अधिक वन्यजीव अधिकारी और कर्मचारियों की टीम शामिल रही। पनपथा बफर के आरएफ 604 क्षेत्र की घनी झाड़ियों में यह बाघ लंबे समय तक छिपा रहा। हाथियों की मदद से जब बाघ को घेरा गया, तो वह बाहर आया, जिसके बाद वन्यजीव चिकित्सक ने उसे ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर काबू में किया।

ये भी पढ़ें: अनूपपुर: कुएं की सफाई के दौरान लगा करंट, एक व्यक्ति की मौत; भाई गंभीर घायल

ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए

बाघ का सफल रेस्क्यू कर उसे बहेरहा इंक्लोजर में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। बाघ के ब्लड सैंपल सहित अन्य आवश्यक अंगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट और उसके व्यवहार की समीक्षा के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

अनुपम सहाय, क्षेत्र संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व

जंगली हाथी ने मकान तोड़ा, परिवार ने भागकर बचाई जान 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र स्थित गाटा गांव में गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी ने ग्रामीण के मकान पर हमला कर दिया। घटना के समय राजकुमार कुशवाहा का परिवार घर में सो रहा था। अचानक मकान टूटने की आवाज सुनकर परिवार के पांचों सदस्य जाग गए और दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाथी ने मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया तथा घर के पास लगे केले और कटहल के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया।

ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case : 'केतन विग लगाता था, यह बात सिया को पहले से मालूम थी...' मृतक के पिता का खुलासा

ग्रामीणों ने जंगल की ओर खदेड़ा

शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आवाज लगाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। मानपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकित सोनी ने बताया कि क्षतिग्रस्त मकान के मुआवजे का प्रकरण तैयार कर भेज दिया गया है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts