
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बताया कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। यह संख्या भारत और चीन को छोड़कर दुनिया के बाकी देशों की आबादी से ज्यादा है।
प्रयागराज में महाकुंभ मेले की मेजबानी कर रही उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में दावा किया कि यह मानव इतिहास में किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन के लिहाज से ‘सबसे बड़ा जनसमूह’ है। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ के अभी 12 दिन और बचे हैं।
प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु आ रहे महाकुंभ
महाकुंभ 13 जनवरी को शुरू हुआ था और हिंदुओं के बीच पवित्र माने जाने वाले गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम त्रिवेणी संगम के तट पर 26 फरवरी तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन भारत और दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
भारत-चीन को छोड़कर बाकी देशों से अधिक संख्या
प्रदेश सरकार के अनुसार शुक्रवार को शाम 6 बजे तक 92 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई, जिससे महाकुंभ में आ चुके कुल श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ को पार कर गई। अमेरिका, रूस, इंडोनेशिया, ब्राजील, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों की आबादी 50 करोड़ से कम है।” सरकार ने कहा, ”केवल भारत और चीन की आबादी ही महाकुंभ में आ चुके श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में ज्यादा है। इसके विपरीत अमेरिका, इंडोनेशिया, पाकिस्तान और ब्राजील जैसे देश काफी पीछे हैं।”
दुनिया के टॉप 10 सबसे अधिक आबादी देश
दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देशों की सूची (अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अनुसार)
- IN भारत – 141.93 करोड़
- CN चीन – 140.71 करोड़
- US अमेरिका – 34.20 करोड़
- ID इंडोनेशिया – 28.35 करोड़
- PK पाकिस्तान – 25.70 करोड़
- NG नाइजीरिया – 24.27 करोड़
- BR ब्राजील – 22.13 करोड़
- BD बांग्लादेश – 17.01 करोड़
- RU रूस – 14.01 करोड़
- MX मेक्सिको – 13.17 करोड़
29 जनवरी को बना था रिकॉर्ड
मौनी अमावस्या (29 जनवरी) को एक ही दिन में 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
इसी दिन संगम में मची भगदड़ में 30 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हुए थे।
26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ
गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के संगम तट पर यह महाकुंभ 26 फरवरी तक जारी रहेगा। दुनियाभर से श्रद्धालु इस पावन आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं और सरकार ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं।
सीएम ने किया साधुवाद
यूपी के सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ”भारत की आध्यात्मिकता, एकात्मता, समता और समरसता के जीवंत प्रतीक महाकुम्भ 2025, प्रयागराज में अब तक पावन त्रिवेणी में 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।”
“भारत की कुल जनसंख्या में 110 करोड़ नागरिक सनातन धर्मावलंबी हैं और उसमें से 50 करोड़ से अधिक नागरिकों द्वारा संगम में पवित्र स्नान उत्कृष्ट मानवीय मूल्यों की श्रेष्ठतम अभिव्यक्ति महान सनातन के प्रति दृढ़ होती आस्था का परिचायक है। वास्तविक अर्थों में भारत की लोक आस्था का यह अमृतकाल है।
एकता और आस्था के इस ‘महायज्ञ’ में पवित्र स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त करने वाले सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन!
मानवता के इस महोत्सव के सकुशल आयोजन में सहभागी महाकुम्भ मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वच्छताकर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं, नाविकों तथा महाकुम्भ से जुड़े केंद्र व प्रदेश सरकार के सभी विभागों को हृदय से साधुवाद तथा प्रदेश वासियों को बधाई! भगवान तीर्थराज प्रयाग सभी की मनोकामना पूर्ण करें!”
One Comment