राष्ट्रीय

BJP नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, कपिल मिश्रा बोले- एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?

पंजाब पुलिस ने बीजेपी नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मोहाली पुलिस ने बग्गा के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज किया था, इसी मामले में अब गिरफ्तारी की गई है। वहीं अब इस मामले पर राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी नेता ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?

बीजेपी नेता भड़के

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि, तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए हैं। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों?

हरियाणा भाजपा नेता अरुण यादव ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि, केजरीवाल तजिंदर बग्गा से डर गए हैं। अब पंजाब पुलिस का सहारा ले रहे हैं। ट्वीट कर यादव ने मामले में गृह मंत्री अमित शाह से संज्ञान लेने के लिए कहा है।

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘जीने नहीं देंगे’ की धमकी दी थी।

क्या है पूरा मामला?

तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप है। दरअसल, बग्गा ने ‘द कश्मीर फाइल्स ‘ फिल्म पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी के बाद उन पर निशाना साधा था। बग्गा ने उन्हें कश्मीरी पंडित विरोधी बताया था। जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया की शिकायत पर पंजाब में FIR दर्ज की गई थी।

बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।

ये भी पढ़ें- Char Dham Yatra 2022: खुल गए केदारनाथ धाम के कपाट, पीएम मोदी के नाम से की गई पहली पूजा; देखें Photos

क्या कहा था केजरीवाल ने

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट सत्र को संबोधित करते हुए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की भाजपा की मांग पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि टैक्स फ्री करने के बजाय फिल्म को यूट्यूब पर डाल दो।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button