राष्ट्रीय

DCW अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के घर पर हमला, गाड़ियों में की गई तोड़फोड़; CM केजरीवाल बोले- कानून व्यवस्था ठीक करें LG साहब

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालिवाल के घर हमला हुआ है। इस दौरान उनके घर पर खड़ी कारों में भी तोड़फोड़ की गई। स्वाति मालीवाल ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर निशाना साधा। बता दें कि, कुछ दिन पहले स्वाती को सोशल मीडिया पर रेप की धमकी भी मिली थी।

स्वाती ने कहा- कुछ भी कर लो, मैं डरूंगी नहीं

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालिवाल ने ट्वीट कर बताया कि, अभी कुछ देर पहले मेरे घर पर कोई हमलावर घुस आया और उसने हमला किया। मेरी और मेरी मां की गाड़ी बुरी तरह से तोड़ दी और घर में घुसने की कोशिश की। शुक्र है मैं और मेरी मां दोनों घर पर नहीं थे, वरना पता नहीं क्या होता! कुछ भी कर लो, मैं डरूंगी नहीं। मैंने दिल्ली पुलिस को शिकायत कर दी है।

क्या कहा अरविंद केजरीवाल ने

मालीवाल पर हुए इस हमले की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि, ”पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में कानून व्यवस्था का बहुत बुरा हाल हो गया है। यहां तक कि दिल्ली महिला आयोग कि अध्यक्षा भी सुरक्षित नहीं हैं। खुले आम कत्ल हो रहे हैं, उम्मीद करता हूं कि LG साहिब थोड़ा समय कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए भी देंगे।”

हाल ही में मिली थी रेप की धमकी

बता दें कि, दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने पिछले हफ्ते आरोप लगाया था कि जब से उन्होंने फिल्मकार साजिद खान को रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ से बाहर निकालने की मांग करते हुए केंद्र को पत्र लिखा है, तब से उन्हें बलात्कार की धमकियां मिल रही हैं। जिसको लेकर स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग ने प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

पुलिस हिरासत में आरोपी

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां से एक शख्स को हिरासत में लिया है। इसकी पहचान सचिन उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक वह मानसिक रोगी है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपित बुराड़ी में डीटीसी डिपो में बतौर इलेक्ट्रीशियन ठेके पर काम करता था और बुराड़ी के नत्थूपुरा में परिवार के साथ रहता है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button