सतना में वनकर्मी से एटीएम फ्रॉड :मदद के बहाने जालसाज ने खाते से उड़ाए 1.70 लाख रुपए

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एटीएम फ्रॉड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वन विभाग के एक कर्मचारी को एटीएम कार्ड मशीन में फंसने के बाद मदद का झांसा देकर ठगों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 70 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एटीएम में फंसा था कार्ड
पुलिस के अनुसार, फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में कार्यरत एमएस सिद्दीकी 6 जून को व्यंकटेश मंदिर के पास स्थित एक एटीएम बूथ में पैसे निकालने पहुंचे थे। लेनदेन के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी जब कार्ड बाहर नहीं निकला तो वे परेशान हो गए।
इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और खुद को मददगार बताते हुए उनसे बातचीत करने लगा। उसने सिद्दीकी को एक मोबाइल नंबर देकर तकनीकी सहायता लेने की सलाह दी। इसी बहाने आरोपी ने उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी हासिल कर ली।
यह भी पढ़ें: MP Rajya Sabha Election : अब बिना लड़े ही भाजपा के तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट जाएंगे राज्यसभा
फोन पर बुलाया, वापस लौटे तो कार्ड भी गायब
युवक द्वारा दिए गए नंबर पर कॉल करने पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए सिद्दीकी को बैंक के पास मिलने के लिए बुलाया। भरोसा कर वनकर्मी एटीएम में फंसा कार्ड वहीं छोड़कर बताई गई जगह पर पहुंच गए।
हालांकि वहां कोई नहीं मिला। जब वे वापस एटीएम बूथ पहुंचे तो न तो वह युवक मौजूद था और न ही मशीन में उनका कार्ड था। उस समय उन्हें किसी बड़ी ठगी का अंदेशा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: MP Cabinet : भोपाल मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए 13,565.84 करोड़ रुपए मंजूर, मंडी शुल्क बढ़ाया
तीन दिन बाद खुला राज, खाते से निकल चुके थे लाखों रुपए
घटना के तीन दिन बाद जब एमएस सिद्दीकी इंडियन बैंक शाखा में पैसे निकालने पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके खाते से 1 लाख 70 हजार रुपए पहले ही निकाले जा चुके हैं। यह जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए।
इसके बाद उन्होंने तत्काल अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से जुड़ी किसी भी समस्या की स्थिति में अजनबियों की मदद लेने के बजाय सीधे बैंक या हेल्पलाइन से संपर्क करें और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।











