राष्ट्रीय

दिल्ली का महापौर चुनने कल फिर सदन की बैठक, दो बार हंगामे की वजह से टल चुके हैं चुनाव

नई दिल्ली। दिल्ली का महापौर चुनने के लिए कल यानी 6 फरवरी 2023 को एक बार फिर दिल्ली नगर निगम (MCD) सदन की बैठक होगी। दिल्ली नगर निगम (DMC) अधिनियम 1957 के तहत महापौर और उप महापौर का चुनाव नगर निकाय सदन की पहली बैठक में ही हो जाना चाहिए, लेकिन दो बैठकों के बाद भी अब तक दिल्ली में महापौर और उप महापौर नहीं चुने जा सके हैं।

दिल्ली एमसीडी चुनावों के नतीजे 7 दिसंबर 2022 को आ गए थे। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली नगर निगम की 250 में से 134 सीटों पर कब्जा किया था। इससे पहले भाजपा लगातार 15 साल तक एमसीडी की सत्ता में थी। आम आदमी पार्टी की जीत से भाजपा के 15 साल के शासन पर विराम लग गया था। लेकिन, नतीजे आए हुए दो महीने बीत जाने के बाद भी अब तक दिल्ली को नया महापौर नहीं मिल सका है।

पिछली दो बैठकें हंगामे की भेंट चढ़ीं

इससे पहले 6 जनवरी और 24 जनवरी को एमसीडी सदन की बैठकें बुलाई गईं। लेकिन, भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षदों के हंगामे की वजह से पीठासीन अधिकारी ने महापौर  चुनाव कराए बिना सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। इस वजह से 4 दिसंबर 2022 को संपन्न चुनाव के बाद 250 सदस्यीय निकाय सदन का पहला सत्र पूरी तरह से बेकार सबित हुआ। दूसरे सत्र में नामित सदस्यों के साथ ही निर्वाचित पार्षदों ने शपथ ली। इसी बीच हंगामे के चलते पीठासीन अधिकारी और भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने अगली तारीख के लिए स्थगित कर दिया।

भाजपा सदस्यों ने की थी नारेबाजी

सदन की दूसरी बैठक के दौरान भाजपा के पार्षदों ने चेम्बर के बाहर आप विरोधी और (दिल्ली के मुख्यमंत्री)अरविंद केजरीवाल विरोधी नारेबाजी की। उधर, आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सदन में करीब 5 घंटे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। आम आदमी पार्टी का दावा है कि भाजपा जानबूझकर महापौर का चुनाव नहीं होने दे रही है और लोकतंत्र का गला घोंट रही है।

किसे कितनी सीटें

MCD चुनाव में आम आदमी पार्टी 134 पार्षदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। 250 सदस्यों वाले सदन में भाजपा को 104 सीटें ही मिली थीं, जबकि कांग्रेस को 9 सीटों से संतोष करना पड़ा था। भाजपा ने पहले विपक्ष में रहते हुए महापौर प्रत्याशी नहीं उतारने की घोषणा की थी। लेकिन, 6  जनवरी को बुलाई गई सदन की बैठक में भाजपा ने महापौर पद के लिए रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। आम आदमी पार्टी की ओर से शैली ओबरॉय महापौर पद की दौड़ में शामिल हैं। उप महापौर के लिए आप ने आले मोहम्मद इकबाल और भाजपा ने कमल बागरी को मैदान में उतारा है।

यह भी पढ़ें नीतीश कुमार की समाधान यात्रा में हंगामा, सीएम के नहीं मिलने से नाराज लोगों ने जलाए पोस्टर… नारेबाजी भी की

संबंधित खबरें...

Back to top button