Apple Smart Glasses :ऐप्पल के स्मार्ट चश्मों के लिए करना होगा लंबा इंतजार, जानिए इसमें क्या है खास और कितनी होगी कीमत

Apple Smart Glasses Update : अगर आप ऐप्पल के स्मार्ट चश्मों का इंतजार कर रहे हैं तो आपको अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने स्मार्ट ग्लासेस को 2027 के आखिर तक लॉन्च कर सकती है। पहले माना जा रहा था कि यह डिवाइस जल्दी बाजार में आ जाएगा, लेकिन अब इसकी लॉन्चिंग आगे बढ़ गई है। आइए जानते हैं कि Apple Smart Glasses में कौन-कौन से फीचर्स मिल सकते हैं और इनकी कीमत कितनी हो सकती है।
लॉन्च में क्यों हुई देरी?
बताया जा रहा है कि ऐप्पल अभी अपने स्मार्ट ग्लासेस के डिजाइन और फीचर्स पर काम कर रही है। प्रोडक्ट को बेहतर बनाने के लिए कंपनी को ज्यादा समय लग रहा है, इसलिए इसकी लॉन्च डेट आगे बढ़ा दी गई है।
कई डिजाइन और रंगों में आएंगे स्मार्ट ग्लासेस
रिपोर्ट्स की मानें, तो ऐप्पल अपने स्मार्ट चश्मों को अलग-अलग डिजाइन और रंगों में लॉन्च कर सकती है। इनमें ओवल शेप कैमरा दिया जा सकता है। कंपनी बड़े और छोटे दोनों तरह के फ्रेम की टेस्टिंग कर रही है ताकि लोगों को ज्यादा विकल्प मिल सकें।
यह भी पढ़ें: भारतीय मसाला चाय का ग्लोबल जलवा : दुनिया में हासिल किया नंबर-1 ताज, जापान सहित कई देशों को छोड़ा पीछे
सिर्फ गैजेट नहीं, हेल्थ में भी आएंगे काम
ऐप्पल का मानना है कि आने वाले समय में स्मार्ट ग्लासेस सिर्फ कॉल या म्यूजिक सुनने के लिए नहीं होंगे, बल्कि हेल्थ से जुड़ी कई सुविधाएं भी दे सकते हैं। आगे चलकर इनमें AR यानी ऑगमेंटेड रियलिटी टेक्नोलॉजी भी जोड़ी जा सकती है।
टिम कुक का फोकस बना यह प्रोजेक्ट
ऐप्पल के सीईओ टिम कुक इस प्रोजेक्ट को काफी अहम मान रहे हैं। कंपनी चाहती है कि स्मार्ट ग्लासेस सिरी और ऐप्पल इंटेलिजेंस को इस्तेमाल करने का नया तरीका बनें। इससे कंपनी को स्मार्ट आईवियर मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
पहले मॉडल में मिलेंगे ये फीचर्स
ऐप्पल के पहले स्मार्ट ग्लासेस में कैमरा, माइक्रोफोन और स्पीकर दिए जा सकते हैं। इसके अलावा यूजर्स को सिरी सपोर्ट, म्यूजिक सुनने की सुविधा, नोटिफिकेशन और रास्ता बताने जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Heatwave Alert: गर्मियों में हार्ट मरीजों के लिए क्यों बढ़ जाता है खतरा ? जानिए डॉक्टर की सलाह
क्या डिस्प्ले भी मिलेगा?
फिलहाल उम्मीद की जा रही है कि पहले मॉडल में डिस्प्ले नहीं होगा। हालांकि कंपनी बाद में आने वाले दूसरे मॉडल में डिस्प्ले जोड़ सकती है, जिससे यूजर्स को और बेहतर अनुभव मिलेगा।
कितनी हो सकती है कीमत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में ऐप्पल के स्मार्ट ग्लासेस की कीमत 200 से 500 डॉलर के बीच हो सकती है। भारतीय रुपये में यह करीब 17 हजार से 51 हजार रुपये तक बैठती है। भारत में इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा हो सकती है।
बाजार में बढ़ रही है टक्कर
स्मार्ट ग्लासेस के बाजार में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल मेटा इस सेगमेंट में आगे है, लेकिन गूगल, सैमसंग, ऐप्पल और नथिंग जैसी कंपनियां भी अपने नए स्मार्ट चश्मे लॉन्च करने की तैयारी में हैं। ऐसे में आने वाले समय में ग्राहकों को कई नए विकल्प देखने को मिल सकते हैं।











