अनूपपुर में गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर :इंजन के नीचे दबकर 4 दोस्तों की मौत, गिट्टी लेने जा रहे थे युवक

अनूपपुर में ट्रैक्टर पलटने से 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक गिट्टी लेने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार में ट्रैक्टर गड्ढे में पलट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गांव में इस घटना से शोक का माहौल बना हुआ है।
इंजन के नीचे दबकर 4 दोस्तों की मौत, गिट्टी लेने जा रहे थे युवक

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां सुबह-सुबह एक ट्रैक्टर पलटने से चार दोस्तों की जान चली गई। ये सभी युवक रोजगार के लिए गिट्टी लेने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक तेज मोड़ उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन गया। हादसे की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा रविवार सुबह करन पठार थाना क्षेत्र में ठाड़ पाथर गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और अचानक मोड़ पर चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर गहरे गड्ढे में पलट गया। पलटते ही ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली सवार युवकों के ऊपर गिर गए, जिससे उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला और चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

/img/10/1776592230982

गिट्टी लेने जा रहे थे चारों दोस्त

चारों युवक डिंडोरी जिले के भीमकुंडी गांव के रहने वाले थे। वे सुबह करीब 5:30 बजे ट्रैक्टर लेकर अनूपपुर जिले के पौनी गांव स्थित क्रशर से गिट्टी लेने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि, ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली थी और वे काम के सिलसिले में जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना सुबह करीब 6 बजे के आसपास हुई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, ट्रैक्टर के नीचे दबे होने के कारण युवकों को निकालना मुश्किल था। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से करीब 6:30 बजे चारों शवों को बाहर निकाला गया।

Breaking News

चारों की मौके पर ही मौत

हादसा इतना भीषण था कि, चारों युवक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-

  1. अंकुश उइके (24 वर्ष) - ट्रैक्टर चालक और मालिक
  2. ब्रजेश पेंदो (18 वर्ष)
  3. रविंद्र कुमार गोयल (18 वर्ष)
  4. प्रकाश मार्को (17 वर्ष)

इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। जैसे ही हादसे की खबर भीमकुंडी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ चार युवकों की मौत से हर कोई सदमे में है। 

ग्रामीणों के अनुसार, चारों युवक एक-दूसरे के करीबी दोस्त थे और अक्सर साथ काम करते थे। जहां भी काम मिलता, सभी एक साथ निकल जाते थे।

यह भी पढ़ें: अजमेर में 150 फीट गहरी खाई में गिरी बस : 2 की मौत, मायरा भरने जा रहे थे 31 यात्री; कपड़ों की रस्सी बनाकर किया गया रेस्क्यू

पुलिस ने बताई हादसे की वजह

घटना की सूचना मिलते ही करन पठार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र बडकरे ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts