Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अनूपपुर: 15 फीट गहरे पुल से नीचे गिरी बाइक, दादी, पोता-नाती समेत तीन की मौत

अनूपपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर पाली पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर 12 से 15 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में दादी और पोते की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नाती ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका पर जांच कर रही है।
अनूपपुर: 15 फीट गहरे पुल से नीचे गिरी बाइक, दादी, पोता-नाती समेत तीन की मौत
अनूपपुर। पाली पुल के पास घटनास्थल पर मृत पड़ें दादी और पोते का शव

अनूपपुर। नेशनल हाईवे-43 पर भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुनगा पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत पाली के पास गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुल से गुजर रही एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 12 से 15 फीट नीचे सूखी खाई में जा गिरी।

हादसे में दादी और पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नाती ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

कथा सुनकर घर लौट रहा था परिवार

मृतकों की पहचान बकेली (थाना कोतवाली) निवासी देववती केवट (56), उनके पोते आर्यन केवट (21) और नाती पंकज केवट (22) के रूप में हुई है। आर्यन और पंकज आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे। परिजनों के अनुसार, बिजुरी में रिश्तेदार के तीर्थयात्रा से लौटने पर आयोजित कथा में शामिल होने तीनों बाइक (MP 65 ZC 9444) से गए थे। रात रुकने के बाद गुरुवार सुबह गांव लौटते वक्त पाली पुल पर यह हादसा हुआ।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

इस अप्रत्याशित त्रासदी से बकेली गांव में गहरा शोक छा गया है। परिजनों ने बताया कि आर्यन अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं, पंकज माइनिंग कोर्स की पढ़ाई कर रहा था, उसके पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है और मां आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं।

ये भी पढ़ें: अनूपपुर में युवक ने परिवार के 4 लोगों पर किया हमला, नानी-नाना और मां समेत चार की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग पार कर नीचे जा गिरी। फुनगा पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दादी-पोते को मृत घोषित कर दिया। वहीं नाती पंकज को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

वाहन की तलाश के लिए जांच शुरू की

फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बतााय कि प्रारंभिक तौर पर किसी अज्ञात वाहन से टक्कर की बात सामने आई है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों और वाहन की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें: ‘मैं अपने रंग खोता जा रहा हूं, मेरी तस्वीर पानी में पड़ी है’ हैदराबाद के मुशायरे में मप्र के शायर दीपक अग्रवाल ने लूटी महफिल

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts