भोपालमध्य प्रदेश

Sagar Accident Update : कुएं में कार गिरने से शिक्षक पिता और दो मासूम बच्चों की मौत

सागर। मोती नगर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर इलाके में एक भीषण हादसा हो गया है। कार कुएं में गिरने से उसमें सवार शिक्षक और उनके दो बेटों की पानी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शिक्षक अपने दोनों बेटों को कार में घुमाने के बाद गुरुवार देर रात घर लौट रहे थे, उसी दौरान हादसा हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

दरअसल, शिक्षक अपने दोनों बेटों को कार में घुमाने के बाद गुरुवार देर रात घर लौट रहे थे। उसी दौरान शिक्षक कार घर पर खड़ी करने के लिए रिवर्स कर रहे थे, तभी अचानक कार की स्पीड बढ़ गई और पीछे की तरफ 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। कुएं में करीब 10 फीट पानी है। पानी ज्यादा होने के कारण कार गहरे पानी में डूब गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू करने में काफी परेशानी हुई।

हादसे में कार सवार शिक्षक हिमांशु तिवारी (45 साल), बेटे बिट्टू (7 साल) और बेटे ध्रुव (4 साल) की मौत हो गई।

दिव्यांग बेटे को घुमाने खरीदी थी कार

हिमांशु का बड़ा बेटा बिट्टू जन्म से ही दिव्यांग था। उसे घुमाने के लिए ही उन्होंने कार खरीदी थी। कार ऑटोमैटिक थी। हर रोज रात के खाने के बाद हिमांशु घर के सामने वाले मैदान में दोनों बच्चों को कार से घुमाते थे।

कुएं की नहीं है मुंडेर

जानकारी के मुताबिक, जिस कुएं में कार गिरी उसमें मुंडेर नहीं है। कुआं करीब 80 फीट चौड़ा और 50 फीट गहरा है। लोगों का आरोप है कि, कई बार बाउंड्री बनाने के लिए कहने के बाद भी नहीं बनवाई गई। इस वजह से हादसे से गुस्साए परिजन और रिश्तेदार कुआं मालिक को घटना का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- पीपुल्स ग्रुप में कार्यरत विशाल ने माउंट एवरेस्ट पर 22,000 फीट की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा, माइनस 35 डिग्री में की चढ़ाई

ये भी पढ़ें- ट्रेन में मिले सड़े पनीर, अंडे और बदबूदार दही को किया नष्ट; ज्ञान गंगा एक्सप्रेस में रेल अधिकारियों ने की कार्रवाई

संबंधित खबरें...

Back to top button