
वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक यात्री विमान और एक हेलिकॉप्टर की बीच आसमान में टक्कर हो गई। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। प्लेन में 60 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 18 शव बरामद कर लिए गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वाशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, ये हादसा बुधवार रात रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुआ।
ट्रंप ने हादसे पर उठाए सवाल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लिखा- प्लेन एयरपोर्ट के लिए एकदम सही रास्ते पर था। हेलिकॉप्टर काफी देर से प्लेन की ओर सीधा आ रहा था। रात साफ थी, प्लेन की लाइट्स जल रही थीं, फिर भी हेलिकॉप्टर ऊपर या नीचे क्यों नहीं गया या मुड़ा क्यों नहीं। ट्रंप ने आगे लिखा कि, कंट्रोल टावर ने हेलिकॉप्टर को यह क्यों नहीं बताया कि उसे क्या करना है, बजाय इसके कि क्या उन्होंने प्लेन देखा है। उन्होंने कहा, यह एक बुरी स्थिति है जिसे रोका जाना चाहिए था। जो हुआ वो सही नहीं था।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा अमेरिकन एयरलाइंस के CRJ700 जेट और अमेरिकी सेना के ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टर के बीच हुआ। सेना के अधिकारियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर में तीन लोग सवार थे। एयरलाइन कंपनी ने रात 9 बजे इस हादसे की जानकारी दी। यह जेट केन्सास से वॉशिंगटन डीसी आ रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के पास स्थानीय समयानुसार रात 8:50 बजे के बाद कई लोग हादसे के बारे में जानकारी देने के लिए कॉल करने लगे।
हादसे के बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों और लैंडिंग को रोक दिया गया है। क्रैश के बाद दोनों विमान पोटोमैक नदी में गिर गए। यह हादसा उस समय हुआ जब जेट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए आ रहा था और तभी वो हेलिकॉप्टर से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों विमान क्रैश होकर पोटोमैक नदी में गिर गए। यह हेलिकॉप्टर Sirosky H-60 था।
ट्रंप की लोगों से अपील
अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लीविट ने बताया कि, राष्ट्रपति ट्रंप को हादसे की जानकारी दे दी गई है। वे इस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ट्रंप ने लोगों से शांत रहने की अपील की और अधिकारियों को रेस्क्यू के लिए निर्देश दिए हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हादसे पर दुख जताने के साथ ही नागरिकों से पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
पोटोमैक नदी में रेस्क्यू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगों को बचाने के लिए गोताखोरों को पोटोमैक नदी में भेजा गया है। नेशनल वेदर सर्विस ने बताया कि, प्लेन हादसे के बाद पानी में जिंदा बचे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है, क्योंकि वॉशिंगटन का तापमान आज शून्य डिग्री से नीचे रहेगा। ऐसे में इन लोगों को 20-30 मिनट में हाइपोथर्मिया हो सकता है।
कैन्सास के सीनेटर रोजर मार्शल ने X पर कहा, “मुझे वॉशिंगटन डीसी आ रहे प्लेन के हादसे की जानकारी मिली है। हम लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम हर यात्री और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। अभी तक हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।”
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, अमेरिकन एयरलाइंस का यह प्लेन रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के रनवे 33 के पास लैंडिंग के लिए आ रहा था, तभी ब्लैकहॉक H-60 हेलिकॉप्टर से टकरा गया। यह CRJ700 बॉम्बार्डियर प्लेन लोकल उड़ान के लिए डिजाइन किया गया था और इसमें 68 से 73 यात्री बैठ सकते हैं।