ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद ट्रंप का बड़ा दावा, ‘होर्मुज पर लगभग पूरा नियंत्रण’, ‘समझौते में कोई दिलचस्पी नहीं’

्अरमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सैन्य तनाव अब और गंभीर होता दिखाई दे रहा है। मंगलवार को अमेरिका ने एक बार फिर ईरान को निशाना बनाया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा दावा किया कि होर्मुज पर अमेरिका का लगभग पूरा नियंत्रण हो चुका है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी हमलों और प्रतिबंधों का असर ईरान की अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है और उसकी हालत लगातार खराब हो रही है।
‘ईरान को बातचीत के लिए मजबूर नहीं कर रहा अमेरिका’
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए उन खबरों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि अमेरिका ईरान को बातचीत की मेज पर वापस लाने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को किसी समझौते के लिए मजबूर नहीं कर रहा है। उनके मुताबिक, अगर ईरान कोई ऐसा समझौता करता है जो उसके लिए नुकसानदायक है, तो इससे अमेरिका को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने मौजूदा हालात को लेकर कहा कि उन्हें यह स्थिति ज्यादा पसंद है, क्योंकि अमेरिका के पास होर्मुज जलडमरूमध्य पर लगभग पूरा नियंत्रण है और ईरान की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।

होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान आमने-सामने
होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के दावे बिल्कुल अलग हैं। ट्रंप पहले भी कई बार इस रणनीतिक समुद्री रास्ते पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा कर चुके हैं। वहीं, ईरान अमेरिका के इस दावे को लगातार खारिज करता रहा है। तेहरान का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी ईरान के नियंत्रण में है। यह जलमार्ग दुनिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की आवाजाही होती है। ऐसे में यहां बढ़ता सैन्य तनाव सिर्फ अमेरिका और ईरान ही नहीं, बल्कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
अमेरिकी हमले के बाद ईरान का पलटवार
अमेरिका के मंगलवार के हमले के बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने कहा कि उसने जॉर्डन के अकाबा के पास मौजूद एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने में अमेरिकी मरीन कैंप को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। IRGC ने दावा किया कि इस हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।



















