PlayBreaking News

Ahmedabad Plane Crash:CVR समेत जांच के सबूत नहीं होंगे सार्वजनिक, AAIB ने सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी

अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर AAIB ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है। ब्यूरो ने कहा कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। निष्पक्ष जांच के लिए इन सबूतों को गोपनीय रखना जरूरी है। जांच में कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी शामिल हैं।
Follow on Google News
CVR समेत जांच के सबूत नहीं होंगे सार्वजनिक, AAIB ने सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी
अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसा।

नई दिल्ली। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर नागरिक उड्डयन दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में अहम जानकारी दी है। AAIB ने बताया कि हादसे से जुड़े कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR), क्रू से जुड़ी बातचीत और अन्य संवेदनशील दस्तावेजों को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। ब्यूरो ने कहा कि इन जानकारियों को गोपनीय रखना जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जरूरी है। मृतक पायलट के पिता पुष्कर राज सभरवाल की याचिका पर जवाब देते हुए AAIB ने यह हलफनामा दाखिल किया है।

जांच के दौरान सामने आए सबूत रहेंगे सुरक्षित

AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि विमान हादसे की जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूतों को सार्वजनिक करने की अनुमति कानून नहीं देता। इनमें कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग, उड़ान से जुड़ी जानकारी, क्रू सदस्यों के बयान, संचालन से संबंधित बातचीत और पीड़ितों की निजी जानकारियां शामिल हैं। ब्यूरो का कहना है कि इन जानकारियों को बाहर लाने से जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार इन्हें सुरक्षित रखना जरूरी है।

अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत हो रही हादसे की जांच

AAIB ने बताया कि किसी बड़े विमान हादसे की जांच केवल घरेलू प्रक्रिया नहीं होती। ऐसी दुर्घटनाओं की जांच अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के नियमों और शिकागो समझौते के अनुबंध 13 के तहत की जाती है। हादसे वाले देश को जांच शुरू करने की जिम्मेदारी होती है। इसके साथ ही विमान के रजिस्ट्रेशन, संचालन, डिजाइन और निर्माण से जुड़े देशों को भी जांच में शामिल किया जाता है। इन देशों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि अपनी तकनीकी भूमिका निभाते हैं।

ये भी पढ़ें: अहमदाबाद एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों का आतंक: कर्मचारियों पर चाकू से किया हमला, 3 घायल; 1 की हालत गंभीर

अक्टूबर 2026 तक आ सकती है ड्राफ्ट रिपोर्ट

AAIB ने अदालत को बताया कि अहमदाबाद विमान हादसे की जांच जटिल होने के कारण समय ले रही है। ब्यूरो के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी होने में करीब छह सप्ताह और लग सकते हैं। इसके बाद फाइनल ड्राफ्ट रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार होने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सबसे पहले अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ साझा की जाएगी। इसके बाद संबंधित सुझावों को शामिल करके अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

12 जून को हुआ था अहमदाबाद विमान हादसा

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ समय बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 260 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की भी जान गई थी। हादसे में एक यात्री सुरक्षित बच गया था। AAIB ने शुरुआती रिपोर्ट में हादसे से पहले की घटनाओं का विवरण दिया था लेकिन उसमें दुर्घटना के अंतिम कारण या किसी जिम्मेदारी तय करने की बात नहीं कही गई थी।

ये भी पढ़ें: 'डिजिटल अरेस्ट' में रखकर उड़ाए 45 लाख: साइबर ठग अहमदाबाद से गिरफ्तार

जांच में तेजी से आगे बढ़ रहा AAIB

AAIB ने बताया कि फ्लाइट रिकॉर्डर डेटा, विमान के सिस्टम, इंजन के हिस्सों, रखरखाव रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूतों का विश्लेषण जारी है। ब्यूरो के अनुसार जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और सभी पहलुओं की गहराई से समीक्षा की जा रही है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts