
शिमला। हिमाचल की सीमा से तीन किलोमीटर पहले पाटन गांव में शनिवार दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कालसी-क्वानू-मीनस मार्ग पर पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 फीट नीचे टोंस नदी में जा गिरा। इस हादसे में वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरजीत सिंह (35 वर्ष) निवासी टिकरी, राकेश सिंह (26 वर्ष) निवासी ग्राम हिराह और श्याम सिंह (48 वर्ष) निवासी ग्राम धनत तहसील नेरवा शिमला के रूप में हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि वाहन चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आज की अन्य खबरें…
लाओस में ओडिशा के 35 मजदूरों को बंधक बनाया गया, सीएम ने तुरंत वापसी के दिए आदेश
भुवनेश्वर। दक्षिण पूर्वी एशिया में स्थित देश लाओस में ओडिशा के 35 मजदूरों के एक समूह ने आरोप लगाया है कि जिस कंपनी के लिए वे काम करते थे, उसने उन्हें बंधक बना लिया है। मजदूरों ने अपने गांव के लोगों को वीडियो भेजकर यह जानकारी दी है और सरकार से उन्हें वापस लाने का अनुरोध किया है। वीडियो में मजदूरों ने कहा कि जिस प्लाईवुड कंपनी के लिए वे काम करते थे, उसका कामकाज डेढ़ माह से बंद है, लेकिन इसके बाद न तो उन्हें वापस लौटने दिया जा रहा है और न ही उन्हें भुगतान किया गया है। केंद्रपाड़ा जिले के राजकनिका ब्लॉक के मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने उनके पासपोर्ट भी छीन लिए हैं। जब यह मामला राज्य सरकार के संज्ञान में लाया गया, तो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संबंधित अधिकारियों को उक्त मजदूरों को वापस लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य श्रम आयुक्त ने लाओस में भारतीय दूतावास के समक्ष यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दूतावास ने ओडिशा सरकार को जानकारी दी है कि मजदूरों की सुरक्षित भारत वापसी के लिए सभी कदम उठाए जाएंगे। मजदूरों ने ये वीडियो अपने गांव के लोगों को भेजे, जिसके बाद इन लोगों ने स्थानीय विधायक से संपर्क किया। स्थानीय विधायक ने राज्य सरकार को मामले की जानकारी दी। बंधक बनाई गई मजदूर सरोज पलाई ने वीडियो में कहा- हमारे पास पैसा नहीं है, भोजन नहीं है। हमें वापस लौटने नहीं दिया जा रहा।
प्रयागराज में सेना के चीता हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी की आशंका
शनिवार को भारतीय सेना के चेतक हेलीकॉप्टर की प्रयागराज में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। तकनीकी खराबी के कारण हेलीकॉप्टर को होलागढ़ इलाके के खेत में उतारा गया। सूचना मिलने के बाद सेना की इंजीनियरिंग यूनिट मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बड़ी संख्या में गांव के लोग इकट्ठा हो गए। अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग के दौरान किसी भी तरह की कोई जनहानि की खबर सामने नहीं आई है।
दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में बंदूकधारियों ने 6 श्रमिकों की हत्या की

क्वेटा। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में बंदूकधारियों ने छह श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। पाकिस्तानी पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा कि बंदूकधारियों ने प्रांत की राजधानी क्वेटा से करीब 606 किलोमीटर दक्षिण में तुरबत शहर में 8 श्रमिकों पर आधी रात को गोलीबारी की। गोलीबारी में घायल हुए दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, श्रमिक शहर में निर्माणाधीन एक निजी निर्माण परियोजना का हिस्सा थे। अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
उत्तराखंड के देहरादून जिले में जीप दुर्घटनाग्रस्त, 3 लोगों की मौत
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में हिमाचल प्रदेश के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मीनस के पास पाटण में हुई, जहां शिमला के टिकरी गांव से विकासनगर की ओर आ रही जीप अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से करीब 200 मीटर नीचे गिर गई। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में उतरकर वाहन में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान वाहन चालक राकेश कुमार (26), सुरजीत सिंह (35) और श्याम सिंह (48) के रूप में हुई है। उसने बताया कि हादसे के शिकार हुए तीनों लोग हिमाचल प्रदेश के शिमला के टिकरी गांव के रहने वाले थे।