भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल : बेसमेंट में मिला 90 किलो का कछुआ, देखकर दहशत में आए लोग; वन विहार में छोड़ा

भोपाल। राजधानी में शुक्रवार देर रात एक मकान के बेसमेंट में 90 किलो कछुआ मिला। पानी में डूबे होने के कारण लोग इसे देखकर घबरा गए। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और जाल डालकर इसे कब्‍जे में किया। कछुए को वन विहार नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया है।

वन विभाग की टीम ने जाल डालकर पकड़ा

जानकारी के मुताबिक, जुमेराती स्थित पुराना कबाड़खाना क्षेत्र में बिट्टू सिंह का घर है। वह शुक्रवार रात करीब 9 बजे घर के बेसमेंट में पहुंचे, तो देखा कि पानी में हलचल हो रही है। टॉर्च से देखा तो उसमें किसी जीव के घूमने का अंदेशा मिला। इतना देखते ही बिट्टू व उसके परिजन घबरा गए और उन्होंने 100 डायल व भोपाल सामान्य वन मंडल के अधिकारियों को सूचना दी थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने बताया कि ये कछुआ और घबराने की जरूरत नहीं है। बाद में उसे जाल डालकर पकड़ लिया गया था।

कछुए को वन विहार में छोड़ा

कछुए को आम बोलचाल में पातल भी कहते हैं। जब तक यह पता नहीं चला कि ये कछुआ ही है तब तक लोग दहशत में रहे। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और जाल डालकर इसे कब्‍जे में किया। इसे दो वनकर्मी और दो रहवासियों ने मिलकर उठाया। घर के बेसमेंट में दो फीट पानी था। नजदीक से ही नाला बहता है। संभवत: उसी नाले से होकर कछुआ अंदर पहुंचा होगा। भोपाल सामान्य वन मंडल की क्रैक टीम के प्रभारी प्रमोद मालवीय व वनकर्मी अमन सक्सेना ने इसे लोगों की मदद से पकड़कर वन विहार नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया है।

पहले मिल चुका है 105 किलो का कछुआ

भोपाल में इससे पहले भी इतना वजनी कछुआ मिला है। तीन साल पहले 105 किलो का वजनी कछुआ मिल चुका है। तब भी इसे क्रैक टीम ने ही पकड़ा था और वन विहार नेशनल पार्क में छोड़ा था। जब उक्त कछुआ नेहरू नगर क्षेत्र में सड़क के किनारे तक आ गया था।

ये भी पढ़ें: Indore Zoo : इंदौर के चिड़ियाघर में तीन रंग वाले बाघ शावक की मौत, सफेद बाघिन रागिनी के तीन शावकों में से एक ही बचा

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button