राष्ट्रीय

सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठने के बाद दिग्विजय सिंह के बदले सुर, बोले- सुरक्षाबलों के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्हें पार्टी की तरफ से कोई समर्थन नहीं मिला। मंगलवार को दिग्विजय सिंह ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि हम सुरक्षा बलों का काफी सम्मान करते हैं और उनको सर्वोच्च स्थान देते हैं।

क्या कहा था दिग्विजय ने …

जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा में दिग्विजय ने कहा कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने पर सहमत नहीं हुई थी, जबकि CRPF ने इसके लिए अनुरोध किया था। पुलवामा में 2019 में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। दिग्विजय ने कहा- वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं, लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।

भाजपा बोली- देश तोड़ रही कांग्रेस

दिग्विजय के इन बयानों के बाद भाजपा ने जवाबी मोर्चा संभाला। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- कांग्रेस भारत जोड़ने की बात कर रही है। लेकिन, असल में यह भारत तोड़ो यात्रा है। यदि वे सशस्त्र बलों के खिलाफ बोलेंगे, तो भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। एयरफोर्स ने जब कहा था कि उसने पुलवामा अटैक के जवाब में पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी शिविरों पर सर्जिकल स्ट्राइक की, इस पर भी कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए। राहुल और कांग्रेस को हमारे बहादुर सशस्त्र बलों पर विश्वास नहीं है।

रमेश बोले- सभी सैन्य कार्रवाई का समर्थन

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर घिरते ही कांग्रेस बैकफुट पर आ गई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया- वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं। यह कांग्रेस के रुख को प्रदर्शित नहीं करते हैं। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा 2014 से पहले सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं। कांग्रेस ने राष्ट्र हित में की जाने वाली सभी सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है और करती रहेगी।

दिग्विजय का फिर हमला

कांग्रेस के बैकफुट पर आने के बाद भी दिग्विजय सिंह ने पुलवामा अटैक को लेकर अपने सवाल जारी रखे। उन्होंने एक ट्वीट में कहा- पुलवामा हमले में आतंकवादियों के पास 300 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX) कहां से आया। DSP देविंदर सिंह आतंकवादियों के साथ पकड़ा गया, लेकिन उसे क्यों छोड़ दिया गया? उस पर देशद्रोह का केस क्यों नहीं दर्ज हुआ? पाकिस्तान और भारत के प्रधानमंत्रियों के मैत्री संबंधों पर भी हम जानना चाहते हैं। ट्वीट के साथ वीडियो में सिंह ने कहा कि सीआरपीएफ के 40 कर्मियों ने पुलवामा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए, लेकिन यह सरकार यह खुलासा नहीं कर पाई कि तीन क्विंटल RDX कहां से आया था?

समर्थन में आए पवन खेड़ा

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा दिग्विजय सिंह के समर्थन में आ गए। उन्होंने दिग्विजय का ट्वीट और वीडियो मैसेज शेयर करते हुए लिखा- प्रधानमंत्री मोदी को पुलवामा पर सवालों का जवाब देना चाहिए और सशस्त्र बलों की आड़ नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कहा- सवाल मोदी सरकार से है। बिना हमारी वीर सेना के पीछे छिपे, मोदी जी जवाब दें – पुलवामा में आरडीएक्स कैसे पहुंचा? मोदी जी का पाकिस्तान से यह कैसा रिश्ता है कि आप ISI को पठानकोट बुला लेते हैं!

ये भी पढ़ें- दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए सवाल, बोले- सरकार ने कोई सबूत नहीं दिए

ये भी पढ़ें- सर्जिकल स्ट्राइक पर क्या कह गए दिग्विजय जो बैकफुट पर आई कांग्रेस, सिंधिया बोले- आपका एक और राष्ट्रविरोधी कृत्य