
चार धामों में से एक बद्रीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रविवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खोल दिए गए। कोरोना काल में लगभग दो साल बाद बद्रीनाथ धाम के कपाट आम भक्तों के लिए खोले गए हैं। इस मौके पर बद्रीनाथ धाम को 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया। अब अगले छह महीने तक भक्त बद्री विशाल के दर्शन कर सकेंगे। अलकनंदा नदी के किनारे चमोली जिले में गढ़वाल पहाड़ी ट्रैक में स्थित बद्रीनाथ मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है।
पीएम मोदी के नाम से की गई पहली पूजा
रविवार सुबह बद्रीनाथ धाम में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालओं के साथ बद्रीनाथ धाम के कपाट विधि-विधान और मंत्रोच्चारण और सेना बैंड की धुनों के साथ खोल दिए गए। रविवार सुबह बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुलते ही जय बदरीनाथ के जयघोष से धाम गुंजायमान हो उठा। धाम में पहली पूजा और महाभिषेक पीएम नरेंद्र मोदी के नाम से किया गया। अब अगले छह महीने तक भक्त बद्री विशाल के दर्शन कर सकेंगे।
#WATCH उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं के साथ बद्रीनाथ धाम के कपाट विधि-विधान और मंत्रोच्चार और सेना बैंड की धुनों के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। pic.twitter.com/KpTuYF0d6S
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 8, 2022
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर शुरू हुई थी चारधाम यात्रा
यह मंदिर चार प्राचीन तीर्थ स्थलों में से एक है जिसे ‘चार धाम’ कहा जाता है जिसमें यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ भी शामिल हैं। यह उत्तराखंड के बद्रीनाथ शहर में स्थित है। हर साल यह धाम छह महीने (अप्रैल के अंत और नवंबर की शुरुआत के बीच) के लिए खुला रहता है। 3 मई को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई थी।
दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या तय
इस साल चारधाम यात्रा के दौरान दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या तय कर दी गई है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि बद्रीनाथ धाम में रोजाना 15 हजार, केदारनाथ में 12 हजार, गंगोत्री में 7 हजार और यमुनोत्री में 4 हजार श्रद्धालुओं को ही प्रतिदिन दर्शन करने की अनुमति होगी।
केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के खुल चुके हैं कपाट
इससे पहले बाबा केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुल चुके हैं। 6 मई को बाबा केदारनाथ के जबकि 3 मई को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल चुके हैं। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए पर्यटन विभाग द्वारा संचालित पोर्टल https://registrationandtouristcare.uk.gov.in पर भक्त अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Char Dham Yatra 2022: खुल गए केदारनाथ धाम के कपाट, पीएम मोदी के नाम से की गई पहली पूजा; देखें Photos