
पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार 22 अप्रैल और बुधवार 23 अप्रैल को दो दिन और अंतिम संस्कार वाले दिन एक दिन का शोक रहेगा। इस दौरान सरकारी इमारतों पर तिरंगा आधा झुका रहेगा और कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होंगे।
यूपी सरकार ने भी लिया बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस फैसले के तहत राज्य में सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोप फ्रांसिस के निधन पर गहरा शोक जताया है।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि पोप फ्रांसिस का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि पोप फ्रांसिस को करुणा, विनम्रता और सेवा भावना के लिए याद किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर उनके अनुयायियों को इस दुःख को सहने की शक्ति दे।
पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पोप फ्रांसिस को दुनिया भर में करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस का प्रतीक माना जाता है। पीएम मोदी ने वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
पोप फ्रांसिस का जीवन
88 वर्षीय पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हुआ। वह करीब 1,300 वर्षों में पहले गैर-यूरोपीय पोप थे। उनके निधन को आध्यात्मिक दुनिया के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।