
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 5 फरवरी को प्रयागराज के महाकुंभ में प्रस्तावित दौरा रद्द हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी इस दिन महाकुंभ में स्नान के लिए नहीं जाएंगे। हालांकि, अभी इस बारे में कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के दौरे को लेकर आगे की कोई तारीख तय की जा सकती है।
भगदड़ हादसे के बाद दौरा टला
सूत्रों का कहना है कि हाल ही में महाकुंभ के दौरान भगदड़ की घटना के मद्देनज़र प्रधानमंत्री का दौरा टालने का निर्णय लिया गया है। पीएम मोदी के 5 फरवरी को महाकुंभ स्नान का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था, लेकिन फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है।
गाड़ियों की नो-एंट्री, VVIP पास रद्द
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार को हुई भगदड़ के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पांच बड़े बदलाव किए हैं। पूरा मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है, अब शहर में किसी भी गाड़ी की एंट्री नहीं होगी। साथ ही सभी रास्तों को वन-वे कर दिया है, मेले में आने-जाने के रास्ते अलग कर दिए गए हैं। इसके अलावा VVIP पास भी रद्द कर दिए गए हैं, यह नियम 4 फरवरी तक लागू रहेंगे।
त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ में भगदड़ के बाद गुरुवार उत्तर प्रदेश सरकार ने धार्मिक समागम के लिए लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। गुरुवार को भी महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए त्रिवेणी संगम और अन्य घाटों पर लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। यूपी सरकार के अनुसार, रात 8 बजे तक 2.06 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया। गुरुवार तक 29.64 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
महाकुंभ मेले में 5 बड़े बदलाव
- मेला क्षेत्र पूरी तरह नो-व्हीकल जोन : सभी प्रकार के वाहनों का मेला क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
- मेला प्रशासन की ओर से VVIP पास रद्द : किसी भी विशेष पास के जरिए वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
- मेला क्षेत्र में रास्ते किए गए वन-वे : श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए एक तरफा मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। जिसके तहत श्रद्धालुओं को एक मार्ग से एंट्री मिलेगी और वो दूसरे रास्ते से बाहर आ सकेंगे।
- वाहनों की एंट्री पर रोक : प्रयागराज से सटे जिलों से आने वाले वाहनों को जिले की सीमा पर रोका जा रहा है।
- 4 फरवरी तक सख्त प्रतिबंध : बसंत पंचमी का स्नान संपन्न होने तक सख्त प्रतिबंध लागू रहेंगे> शहर में चार पहिया वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
महाकुंभ अमृत स्नान तिथियां
- मकर संक्रांति – 14 जनवरी 2025 के दिन पहला अमृत स्नान हो चुका।
- मौनी अमावस्या – 29 जनवरी 2025 के दिन दूसरा अमृत स्नान होगा।
- बसंत पंचमी – 3 फरवरी 2025 के दिन तीसरा अमृत स्नान होगा।
- माघ पूर्णिमा – 12 फरवरी 2025 के दिन चौथा अमृत स्नान होगा।
- महाशिवरात्रि – 26 फरवरी 2025 के दिन आखिरी अमृत स्नान होगा।
ये भी पढ़ें- Mahakumbh Fire : महाकुंभ में फिर हादसा, सेक्टर 22 में लगी आग, कई पंडाल जले
ये भी पढ़ें- Maha Kumbh 2025 : गाड़ियों की नो-एंट्री, VVIP पास रद्द… महाकुंभ में भगदड़ के बाद किए गए 5 बड़े बदलाव