क्रिकेटखेल

IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले 10 बल्लेबाजों में 8 भारतीय, इनमें से सिर्फ दो ही हैं टी-20 वर्ल्डकप की टीम का हिस्सा

नई दिल्ली। आईपीएल 2021 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। प्लेऑफ का दौर आज से शुरू हो रहा है। चार टीमें नॉकआउट स्टेज यानी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। आज पहले क्वालीफायर में प्वॉइंट टेबल की टॉप टू टीमें दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। दुबई में होने वाले इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधा फाइनल में प्रवेश करेगी, वहीं हारने वाली टीम को दूसरा क्वालीफायर खेलने का मौका मिलेगा।

6 खिलाड़ी टी-20 वर्ल्डकप की टीम में नहीं

आईपीएल के लीग मैचों में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से निराश किया है। इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शुरुआती 10 बल्लेबाजों में 8 भारतीय हैं। इनमें से सिर्फ दो खिलाड़ी ऐसे हैं जो टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं। शेष छह खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।

टीम में बदलाव का आखिरी मौका आज

बता दें कि टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम का चयन 8 सितंबर को हुआ था। उस समय आईपीएल 2021 का आधा सीजन बचा हुआ था। चयनकर्ताओं ने आईपीएल के पहले फेज के प्रदर्शन, श्रीलंका दौरे और अपने अनुभव के आधार पर भारतीय टीम का चयन किया था। लेकिन अब खिलाड़ियों को प्रदर्शन में बदलाव आने के बाद चयनकर्ताओं के पास आज यानी 10 अक्टूबर तक टीम में बदलाव करने का मौका है।

सिर्फ राहुल और रोहित टी-20 की टीम में

केएल राहुल ने IPL के इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा इस मामले में 10वें नंबर पर हैं। यही दोनों बल्लेबाज टी-20 वर्ल्ड कप के लिय चयनित भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इनके अलावा आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ और देवदत्त पडीक्कल शामिल हैं। हालांकि बाकी खिलाड़ियों को भारतीय टी-20 टीम में जगह नहीं मिली है। फाफ डू प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल इस लिस्ट में शामिल दो विदेशी खिलाड़ी हैं।

क्यों नहीं मिली जगह

जिन भारतीय खिलाड़ियों को वर्ल्डकप टीम में जगह नहीं दी गई है, उनमें से अधिकतर खिलाड़ियों के पास अनुभव की कमी है। इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों ने पहले मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। इस वजह से चयनकर्ताओं ने भरोसेमंद खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। हालांकि शिखर धवन को टीम से बाहर रखने का फैसला वाकई चौंकाने वाला था, क्योंकि उन्होंने आईपीएल के पहले फेज में अच्छी बल्लेबाजी की थी। लेकिन श्रीलंका दौरे में उन्होंने धीमी बल्लेबाजी की थी।

लीग मैचों में बल्लेबाजों का प्रदर्शन

खिलाड़ी  टीम  मैच  रन  स्ट्राइक रेट अर्धशतक/शतक सर्वाधिक स्कोर
केएल राहुल पंजाब किंग्स  13 626 138.80 6/0 98*
फाफ डू प्लेसी चेन्नई सुपरकिंग्स  14 546 137.53 5/0 95*
शिखर धवन  दिल्ली कैपिटल्स  14 544 128.00 3/0 92
ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई सुपरकिंग्स  14 533 137.01 3/1 101*
ग्लेन मैक्सवेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  14 498 147.33 6/0 78
संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स  14 484 136.72 2/1 119
मयंक अग्रवाल पंजाब किंग्स  12 441 140.44 4/0 99*
पृथ्वी शॉ  दिल्ली कैपिटल्स  13 401 157.25 3/0  82
देवदत्त पडीक्कल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  13  390 125.80 1/1 101* 
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस  13  381 127.42 1/0  63

 

संबंधित खबरें...

Back to top button