
शिवपुरी। पोहरी थाना क्षेत्र के झिरी-अतरौआ गांव में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में महिला-पुरुष सहित बच्चे भी घायल हुए हैं। पिकअप वाहन में करीब 30 लोग सवार थे। सभी करौली के कैलादेवी से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। घायलों को शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
करौली पैदल यात्रा कर लोडिंग से घर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का जत्था राजस्थान के करौली के कैलादेवी यात्रा पर निकला था। सभी श्रद्धालु करौली पैदल यात्रा कर वाहन में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी ये हादसा हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। हालांकि, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में महिला-पुरुष सहित बच्चे भी घायल हुए हैं।
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
हादसे की वजह स्पष्ट सामने नहीं आ पाई है। लेकिन ऐसा बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार होने की वजह से पिकअप वाहन अनियंत्रित हो कर पलट गई। घायलों के मुताबिक हादसा होने से पहले दो बार गाड़ी का टायर पंचर भी हुआ था। लोडिंग वाहन में सवार एक श्रद्धालु ने बताया कि वाहन के सामने सड़क पर मवेशी के आ जाने से यह हादसा हुआ है। ऐसे में हादसे की एक वजह ये भी हो सकती है। इस हादसे ने 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।