
बेवरर्ली क्रेस्ट (अमेरिका)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह गोलीबारी की ताजा घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग के सार्जेंट फ्रैंक प्रेसियाडो ने बताया कि लॉस एंजिलिस के पास बेवरर्ली क्रेस्ट में देर रात 2:30 बजे गोलीबारी की घटना हुई।
प्रेसियाडो ने बताया कि जिन 7 लोगों को गोली मारी गई है, उनमें चार बाहर थे, जबकि मारे गए 3 लोग एक गाड़ी में सवार थे। हमले में घायल हुए लोगों की पहचान उजागर नहीं की गई है।
पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
फायरिंग की वजह पता नहीं
पुलिस सार्जेंट प्रेसियाडो ने बताया कि फिलहाल हमें गोलीबारी की वजहों की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह भी नहीं पता है कि घटना किसी घर में हुई या फिर बाहर। कैलिफोर्निया में इस महीने यह गोलीबारी की चौथी घटना है। बंदूक हिंसा अभिलेखों के मुताबिक लगातार तीसरे साल वर्ष 2022 में अमेरिका में गोलीबारी की करीब 600 घटनाएं दर्ज की गई और इन प्रत्येक घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हुई या लोग घायल हुए।
पिछले हफ्ते फायरिंग में हुई थीं 10 मौतें
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 22 जनवरी को भी फायरिंग की ऐसी ही घटना सामने आई थी। इसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी। 19 लोग घायल हुए थे। यह घटना मोंटेरी पार्क इलाके में चीनी न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुई थी। उस दौरान रात करीब 10 बजे (अमिरका के समयानुसार) ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसमें 17 साल का एक चीनी मूल का युवक भी मारा गया था। मोंटेरी पार्क लॉस एंजिल्स काउंटी का एक शहर है, जो लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन से लगभग 7 मील (11 किमी) दूर है। इस इलाके में कुल 3000 हजार लोग रहते हैं। इनमें ज्यादातर चीनी नागरिक हैं।