अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

People’s Update LIVE : राजस्थान में डेढ़ क्विंटल डोडा चूरा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़। राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले के जलोदा जागीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार में तस्करी वाले 151 किलो 480 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किए और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। एसपी विनीत कुमार ने गुरुवार को बताया कि थानाधिकारी मांगीलाल पुलिस दल के साथ बुधवार को थाने के सामने नाकाबंदी करके वाहनों की सघन तलाशी ले रहे थे कि इसी दौरान एक कार आती हुई दिखाई दी। कार चालक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस दल ने उसे धर दबोचा। उन्होंने बताया कि कार की तलाशी ली गई तो कार से प्लास्टिक के नौ कट्टों में 151 किलो 480 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। आरोपी श्यामलाल (49) को गिरफ्तार किया गया।

आज की अन्य खबरें…

नाइजर में सैन्य अभियान के दौरान चार सैनिक घायल

नियामे। नाइजर के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र तिलाबेरी में एक मिशन पर हाल ही में हुए विस्फोटक उपकरण हमले में चार सैनिक घायल हो गए। नाइजर रक्षा एवं सुरक्षा बलों ने बताया कि रविवार से बुधवार तक पूरे देश में सुरक्षा अभियानों में 27 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से कुछ बोको हराम समूह से जुड़े हैं और अन्य पश्चिमी अफ्रीका में इस्लामिक स्टेट से जुड़े हैं। इन अभियानों में बड़ी मात्रा में युद्ध के हथियार और गोला-बारूद, मोटरसाइकिल, तीन मोटोरोला रेडियो, साथ ही कई चोरी किए गए मवेशी और बड़ी मात्रा में ईंधन जब्त किया गया है। बयान में यह नहीं बताया गया कि विस्फोट कब हुआ।

जर्मनी के म्यूनिख में चालक ने कार भीड़ में घुसाई, 20 लोग घायल

बर्लिन। जर्मनी के म्युनिख में गुरुवार को एक कार चालक ने भीड़ में वाहन घुसा दिया, जिससे 20 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने म्यूनिख शहर के निकट सुबह करीब 10:30 बजे घटी इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि इस घटना में चालक को मौके पर ही ‘‘पकड़ा” गया और अब कोई खतरा नहीं है। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त कार को देखा जा सकता है। जर्मनी की समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ के अनुसार, अग्निशमन सेवा ने बताया कि कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। मेयर डाइटर रीटर ने कहा कि वह इस घटना से ‘‘बेहद दुखी” महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। घटना के समय ‘सर्विस वर्कर्स यूनियन’ द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि घायलों में प्रदर्शनकारी भी शामिल हैं या नहीं।

शाहजहांपुर में वैन पलटने से चार मजदूरों की मौत, 16 घायल

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर के कारण एक वैन के पलट जाने से चार मजदूरों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात विचोला गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि मजूदरों एवं उनके परिवारों को लेकर हरियाणा जा रही वैन को बुधवार रात को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसके कारण वैन पलट गई और उसमें सवार दो लोगों -श्यामवती (60) तथा समीला (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हादसे का शिकार हुए अन्य लोगों को फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान दो और लोगों-राम कुमारी (35) और लवकुश (30) की मौत हो गई। इस हादसे में 16 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में मारे गए लोग सीतापुर जिले के रहने वाले थे और मजदूरी करने के लिए हरियाणा जा रहे थे। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पुलिस पता लगा रही है।

झारखंड के रांची में घर में आग लगने से दंपती की जलकर मौत

Chile fire bregade team
FILE PHOTO

रांची। झारखंड के रांची जिले में एक घर में आग लगने से एक दंपती की जलकर मौत हो गई। सोनाहातु थाना क्षेत्र के दिबादिह गोऱेयाटांड गांव में बुधवार रात यह घटना हुई। सोनाहातु थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि 46 वर्षीय रणजीत साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मीना देवी (42) ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कुमार ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि घर में शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी। घर के अंदर रखे डीजल के कारण आग तेजी से फैल गई। एक एलपीजी सिलेंडर के फटने की भी आशंका है जिसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सटीक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक अन्य घटना में रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई।

संबंधित खबरें...

Back to top button