राष्ट्रीय

धनबाद के आशीर्वाद टॉवर में भीषण आग, 10 महिलाओं और तीन बच्चों समेत 14 की मौत

धनबाद। झारखंड के धनबाद में मंगलवार रात बड़ा हादसा हुआ। यहां स्थित आशीर्वाद टावर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग काे चपेट में ले लिया। अफरातफरी के बीच रेस्क्यू शुरू हुआ, लेकिन आग में जलकर 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 10 महिलाएं, तीन बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं।

पूजा के दीपक से लगी आग

धनबाद SSP संजीव कुमार ने बताया कि शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के पास यह हादसा हुआ। उन्होंने हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में रेस्क्यू का काम चल रहा है। आग के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर पूजा के दीपक से आग लगने की बात साामने आई है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे दो दर्जन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हादसे के कई वीडियो साोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें काफी दूर से आग नजर आ रही है और फायर ब्रिगेड उसे काबू नहीं कर पा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिल्डिंग की दूसरी मंजिल में शाम करीब 7 बजे पंकज अग्रवाल के फ्लैट में आग लगी थी। कुछ ही समय में यह पांचवी मंजिल तक पहुंच गई। अफरातफरी के बीच लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन तब तक एक सिलेंडर आग की चपेट में आ गया। सिलेंडर फटने से आग और विकराल हो गई।

हेमंत सोरेन ने जताया दुख

इस भीषण अग्निकांड पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने दुख जताया है। उन्होंने कहा- धनबाद के आशीर्वाद टॉवर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य किया जा रहा है।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button