
उमरिया। एमपी बोर्ड 12वीं गणित का पेपर लीक करने के मामले में उमरिया कलेक्टर ने 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह पेपर वॉट्सऐप के माध्यम से लीक किया गया था। जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है, उनमें केंद्राध्यक्ष भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षकों की मदद से पेपर की फोटो खींचकर वॉट्सऐप के जरिये पेपर भेजा गया और उसके उत्तर मंगवाए गए।
सेंट जेवियर्स स्कूल से हुई वारदात
यह घटना जिला मुख्यालय से लगे सेंट जेवियर्स स्कूल में हुई। यहां बीते मंगलवार को 12वीं के गणित का पेपर चल रहा था। यहां केंद्राध्यक्ष ने शिक्षकों की मदद से बचे हुए पेपर लीक कर दिए। केंद्राध्यक्ष और शिक्षकों ने किसी बाहरी व्यक्ति तक पेपर भेजकर उत्तर वॉट्सऐप पर मंगवाए थे। इसकी जानकारी कलेक्टर कृष्णदेव त्रिपाठी को लग गई। इसके बाद कलेक्टर ने एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मामले की जांच अभी जारी है।