Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बारिश से जुड़े हादसों से यूपी में 12, बिहार में 10 लोगों की मौत

भारी वर्षा के कारण देश के कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित
Follow on Google News
बारिश से जुड़े हादसों से यूपी में 12, बिहार में 10 लोगों की मौत

लखनऊ, पटना। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान प्राकृतिक आपदाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं बिहार के नौ जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली से जनपद मैनपुरी, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, रायबरेली तथा गोरखपुर में एक-एक, अतिवृष्टि से जनपद रायबरेली तथा मैनपुरी में एक-एक तथा डूबने से बुलन्दशहर, कन्नौज, फिरोजाबाद, उन्नाव एवं पीलीभीत में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ और जल जमाव की समस्या के दृष्टिगत सभी जिलाधिकारियों व नगर निकाय के अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं बिहार में वज्रपात की चपेट में आने से नालन्दा में दो, वैशाली, भागलपुर, सहरसा, रोहतास, सारण, जमुई, भोजपुर और गोपालगंज में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पूरी तरह से सतर्कता बरतें।

गोवा : जलप्रपात में 80 लोग फंसे, 50 को बचाया

पणजी। गोवा के सत्तारी तालुका में पाली जलप्रपात में रविवार को भारी बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ जाने के बाद करीब 50 लोगों को बचा लिया गया, जबकि 30 लोग अब भी फंसे हुए हैं। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) अक्षत कौशल ने बताया कि दमकलकर्मी और आपातकालीन सेवाकर्मियों की मदद से जलप्रपात पर बचाव अभियान जारी है। जलप्रपात तक पहुंचने के लिए एक नदी पार करनी पड़ती है। रविवार होने के कारण सुबह जलप्रपात पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

असम : बाढ़ की स्थिति गंभीर, 8 और की मौत

गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है जिसके चलते रविवार को आठ और लोगों की मौत हो गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि धुबरी और नलबाड़ी में दो-दो, कछार, गोलपाड़ा, धेमाजी तथा शिवसागर में एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। इसके साथ ही इस साल बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। कुल मिलाकर 28 जिलों के 22,74,289 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

पश्चिम बंगाल:कई हिस्सों में बाढ़ के हालात

जलपाईगुड़ी/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर लगातार बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं और सड़क यातायात तथा संचार प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने और अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान रविवार को व्यक्त किया। जलपाईगुड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पापिया पाल ने कहा कि शहर के कई इलाके बारिश के पानी में डूब गए हैं, जिसके कारण कम से कम 300 परिवार सामुदायिक हॉल और बाढ़ प्रभावितों के लिए बने आश्रय स्थलों में चले गए हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में 12 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तरी पश्चिम बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 को कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण शनिवार रात से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। सिक्किम से आने-जाने वाले यातायात के लिए अन्य मार्ग उपलब्ध कराया गया है। तीस्ता और कोरोला नदियों के जल स्तर पर नजर रखी जा रही है। जलपाईगुड़ी में रविवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 166 मिमी बारिश दर्ज की गई।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts